अपराधअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंगिरफ्तारी

रात के घने कोहरे में पुलिस कांस्टेबल के घर चोरी, सिडकुल पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा,, चार शातिर चोर गिरफ्तार, दो निकले बिजनौर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर,, पौने दो लाख का चोरी का सामान बरामद, सिडकुल पुलिस की मैनुअल पुलिसिंग की सराहना

इन्तजार रजा हरिद्वार- रात के घने कोहरे में पुलिस कांस्टेबल के घर चोरी, सिडकुल पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा,,

चार शातिर चोर गिरफ्तार, दो निकले बिजनौर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर,,

पौने दो लाख का चोरी का सामान बरामद, सिडकुल पुलिस की मैनुअल पुलिसिंग की सराहना

हरिद्वार जनपद के थाना सिडकुल क्षेत्र में घने कोहरे और रात की आड़ लेकर अज्ञात चोरों ने उत्तराखंड पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल के घर को निशाना बना लिया। घटना के बाद सिडकुल पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में से दो बिजनौर जिले के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर निकले, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जनवरी 2026 को वादी महेंद्र कुमार पुत्र मोहनलाल, निवासी बद्री विशाल पुरम कॉलोनी, गुसाईं एन्क्लेव नवोदय नगर, ने थाना सिडकुल में लिखित तहरीर दी थी। शिकायतकर्ता उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी पद पर नियुक्त हैं और ड्यूटी के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, लैपटॉप, इन्वर्टर, बैटरी और नगदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया।

तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 15/26 धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और नकबजनी की घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए।

मुखबिर की सूचना बनी कड़ी, हर्षिता कॉलोनी से दबोचे गए चारों आरोपी

सिडकुल पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए 14 जनवरी 2026 को मुखबिर खास की सूचना पर हर्षिता कॉलोनी में दबिश दी। यहां से पुलिस टीम ने चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने पुलिस कांस्टेबल के घर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹1,75,000 आंकी गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  1. कुशल पाल पुत्र ठाकर सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम सदादपुर, थाना बढ़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
  2. राकेश पुत्र ठकरा सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सदादपुर, थाना बढ़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
  3. भोले पुत्र ठकरा सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सदादपुर, थाना बढ़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
  4. पवन पुत्र रामकुमार, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम सदादपुर, थाना बढ़ापुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.)

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

  • वाशिंग मशीन – 01
  • लैपटॉप – 01
  • इन्वर्टर – 01
  • बैटरी – 01
  • एलईडी टीवी – 01
  • नगदी ₹86,000/-

कुल बरामदगी की कीमत लगभग ₹1,75,000 बताई गई है।

हिस्ट्रीशीटरों का लंबा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी राकेश और भोले के खिलाफ पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और बिजनौर जनपदों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों का नाम पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है और ये लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल खुलासे में थाना सिडकुल की पूरी टीम की अहम भूमिका रही। टीम में थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र तोमर, उप निरीक्षक बबलू चौहान, हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक, संजय, देशराज सहित कांस्टेबल गजेंद्र, कुलदीप, कुलदीप डिमरी, हरि सिंह और रिपेन्द्र शामिल रहे।

सिडकुल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि हरिद्वार में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button