आपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

देवभूमि रजत उत्सव का भव्य आगाज़ — राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ,, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में 25 वर्ष में उत्तराखण्ड ने छुए विकास के शिखर,, राज्य आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित, डिजिटल प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

इन्तजार रजा हरिद्वार-देवभूमि रजत उत्सव का भव्य आगाज़ — राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ,,
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में 25 वर्ष में उत्तराखण्ड ने छुए विकास के शिखर,,
राज्य आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित, डिजिटल प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

हरिद्वार, 30 अक्टूबर 2025।

उत्तराखण्ड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरिद्वार स्थित रोड़ीबेलवाला पार्किंग स्थल पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “देवभूमि रजत उत्सव” का भव्य शुभारंभ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दीप प्रज्वलित कर एवं शंखनाद के साथ किया। इस दौरान मंच पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने राज्य की उपलब्धियों के 25 गौरवशाली वर्षों का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य की उपलब्धियों को दर्शाती डिजिटल प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।

✳️ राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को किया नमन, कहा — “उत्तराखण्ड ने हासिल किए विकास के ऊंचे मुकाम”

मुख्य अतिथि नरेश बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि “उत्तराखण्ड राज्य हमें राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुआ है। आज गर्व का विषय है कि यह राज्य 09 नवम्बर 2025 को अपने 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है।

सांसद बंसल ने कहा कि राज्य गठन के समय सीमित संसाधनों के बावजूद उत्तराखण्ड ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज प्रदेश में 08 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, सभी प्रमुख सड़कों को ऑल वेदर रोड परियोजना से जोड़ा गया है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन पर तेजी से कार्य हो रहा है, जिससे प्रदेश के पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। राज्य ने वित्तीय प्रबंधन में हिमालयी राज्यों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है और प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है।

✳️ “उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य जिसने लागू किया समान नागरिक संहिता”

सांसद नरेश बंसल ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है। इसके अलावा नकल विरोधी कानून और भू-कानून लागू कर सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन की मिसाल पेश की है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि “21वीं सदी का दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा”, और यह भविष्यवाणी आज साकार होती दिखाई दे रही है। राज्य में 4 प्रतिशत गरीबी में कमी आई है, पलायन में कमी देखी गई है और खनन नीति में केंद्र सरकार ने भी राज्य की प्रशंसा करते हुए 100 करोड़ रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है, और उत्तराखण्ड इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को इस लक्ष्य की पूर्ति में अपना योगदान देना चाहिए ताकि हर गाँव खुशहाल और आत्मनिर्भर बन सके।

✳️ आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

देवभूमि रजत उत्सव में राज्य के राज्य आंदोलनकारियों का विशेष सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने जगत सिंह रावत, जसवंत सिंह बिष्ट, भोपाल सिंह बिष्ट, अंजू उप्रेती, बीना नौटियाल, आशु बत्तर्वाल, भगवान जोशी, सुरेन्द्र सैनी, मदन गौड़, आनंद सैनी, साकेत वशिष्ठ, भीम सिंह रावत, रोहित और विष्णुदत्त सेमवाल सहित कई आंदोलनकारियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें जीपीएस-41, पीबीम्यू इंटर कॉलेज और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की चित्रकला में राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा और उत्तराखण्डी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

✳️ जनसमूह की उमड़ी भीड़, प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की रही प्रभावशाली उपस्थिति

कार्यक्रम में हरिद्वार की जनता का उत्साह देखने लायक था। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, स्थानीय नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे।

उत्सव में प्रमुख रूप से मेयर किरन जैसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक आदेश चौहान, नगर पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, डीजी सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, एसपी क्राइम जितेन्द्र मेहरा, दर्जा राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, लव शर्मा, हीरा सिंह बिष्ट, अरविंद कुशवाहा, सिटी मजिस्ट्रेट कुशम चौहान, एसडीएम जितेन्द्र कुमार, डीवीओ वेदप्रकाश और एपीडी नलनीत घिल्डियाल सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में देवभूमि रजत उत्सव के पहले दिन का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों के साथ हुआ। हरिद्वार की पवित्र धरती पर जब “जय उत्तराखण्ड” और “जय देवभूमि” के जयघोष गूंजे, तो उपस्थित जनसमूह ने 25 वर्ष पूरे कर रहे अपने राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए तालियों से स्वागत किया।

– रिपोर्ट: Daily Live Uttarakhand

Related Articles

Back to top button