अपराधअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत, हत्या का मुकदमा दर्ज,, दो आरोपी गिरफ्तार, दोबारा पोस्टमार्टम, एसएसपी के निर्देश पर गहन जांच जारी,, परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा,, एसएसपी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश,, पत्रकार संगठनों में आक्रोश, न्याय की मांग तेज

इन्तजार रजा हरिद्वार- देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत,
हत्या का मुकदमा दर्ज,, दो आरोपी गिरफ्तार,
दोबारा पोस्टमार्टम, एसएसपी के निर्देश पर गहन जांच जारी,,

परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा,,

एसएसपी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश,,

पत्रकार संगठनों में आक्रोश, न्याय की मांग तेज

राजधानी देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के परिजनों की मांग पर बुधवार को दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी शुरू की गई, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि पत्रकार की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

घर के भीतर अचेत अवस्था में मिले थे पत्रकार

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 16 दिसंबर की सुबह थाना राजपुर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि दून विहार क्षेत्र स्थित एक मकान में किराये पर रहने वाला व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना राजपुर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि मकान के अंदर पीछे वाले कमरे में वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा बेड के पास फर्श पर मुंह के बल अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें दून चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

मृतक पत्रकार पंकज मिश्रा के छोटे भाई अरविंद मिश्रा ने इस पूरे मामले में राजपुर थाने में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने पंकज मिश्रा के साथ मारपीट और साजिश की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया था, लेकिन रिपोर्ट को लेकर परिजनों ने संतोष न जताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। परिजनों की अपील को स्वीकार करते हुए बुधवार को पुनः पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है।

लंबी पूछताछ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

मुकदमे की प्रारंभिक विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी, मकान मालिक और अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य भी संकलित किए।
प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने लंबी पूछताछ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित सहगल निवासी विजयपुर, गोपी वाला, अनार वाला, थाना कैंट जनपद देहरादून और पार्थोशील निवासी मकान नंबर 11, पांच बावड़ी, गोरेगांव ईस्ट, मुंबई शामिल हैं।

एसएसपी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश

एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि अब तक प्रकरण में जो भी साक्ष्य और बयान सामने आए हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल, एसओजी और फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रकरण के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों व साक्ष्यों को संकलित कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी विवेचना के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी होने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पत्रकार संगठनों में आक्रोश, न्याय की मांग तेज

वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत के बाद पत्रकार संगठनों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना को प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। देहरादून में पत्रकार की मौत का यह मामला न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि अभिव्यक्ति की आज़ादी से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button