विधानसभा ज्वालापुर के जसवाला में 1 करोड़ की लागत से बनेगा इंटरलॉकिंग टाइल बाईपास मार्ग विधायक इंजी रवि बहादुर ने फीता काटकर किया शिलान्यास, विकास को बताया प्राथमिकता

इन्तजार रजा हरिद्वार- विधानसभा ज्वालापुर के जसवाला में 1 करोड़ की लागत से बनेगा इंटरलॉकिंग टाइल बाईपास मार्ग
विधायक इंजी रवि बहादुर ने फीता काटकर किया शिलान्यास, विकास को बताया प्राथमिकता

हरिद्वार/ज्वालापुर। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जसवाला में विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए विधायक ने लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटरलॉकिंग टाइल युक्त बाईपास मार्ग का विधिवत शिलान्यास किया। राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना का शुभारंभ विधायक ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे लगातार ज्वालापुर विधानसभा में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम जसवाला में बनने वाला यह बाईपास मार्ग इंटरलॉकिंग टाइल से निर्मित होगा, जिससे सड़क की मजबूती और सौंदर्य दोनों सुनिश्चित होंगे।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस मार्ग के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य योजना से स्वीकृत लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाएगा।
इंजी रवि बहादुर ने कहा कि वे सदैव क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अधिकांश गांवों के जर्जर मार्गों को चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त कराया जाएगा। “विकास ही हमारी प्रतिबद्धता है और जनता का विश्वास हमारी ताकत,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान देशराज, प्रधान नीरज चौहान, प्रधान प्रवीण चौहान, अजमत मोदी, जिला पंचायत सदस्य उस्मान अली, रावत बुंदू, प्रधान पंकज सैनी, प्रदीप सैनी, लोकेश सैनी, रविंद्र सैनी, बीरेंद्र सैनी, राजू सैनी, ऐजाज अली, मोबिन, महरूफ सलमानी, सैफ अली, नदीम, सागर बेनीवाल, मनव्वर सलमानी, इरशाद सलमानी, मोज्जम, नदीम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
ग्राम जसवाला में बाईपास मार्ग के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।



