अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

प्रेरणा 1.0” में सजा हरिद्वार का सामाजिक गुलदस्ता,, श्रेष्ठ रत्न सम्मान से विभूषित हुए समाज के प्रेरक व्यक्तित्व,, सेवा, संस्कार और सामाजिक चेतना का भव्य संगम बना समारोह

इन्तजार रजा हरिद्वार- “प्रेरणा 1.0” में सजा हरिद्वार का सामाजिक गुलदस्ता,,

श्रेष्ठ रत्न सम्मान से विभूषित हुए समाज के प्रेरक व्यक्तित्व,,

सेवा, संस्कार और सामाजिक चेतना का भव्य संगम बना समारोह

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सामाजिक चेतना, सेवा और संस्कारों का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब “प्रेरणा 1.0 – श्रेष्ठ रत्न सम्मान समारोह” का आयोजन भव्यता और गरिमा के साथ Hotel Vibhav Grand में सम्पन्न हुआ। मनु मन की आवाज फाउंडेशन एवं आत्मचिंतनम् परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने सचमुच हरिद्वार के सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षिक और धार्मिक क्षेत्र के प्रमुख पुष्पों को एक ही गुलदस्ते में सजा दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व शिक्षा निदेशक उत्तराखंड डॉ. आनंद भारद्वाज ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश जी महाराज उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, आत्मचिंतनम् परिवार के अध्यक्ष उमाशंकर वशिष्ठ तथा मनु मन की आवाज फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” की ब्रांड एंबेसडर डॉ. मनु शिवपुरी की विशेष उपस्थिति रही।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सार्वजनिक मंच से सम्मानित किया जाता है तो यह नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. आनंद भारद्वाज ने आत्मचिंतनम् परिवार और डॉ. मनु शिवपुरी द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों को सराहा। उन्होंने कोविड काल के दौरान जरूरतमंदों तक पहुंचाई गई सहायता का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संरक्षण ही सशक्त समाज की नींव है। सेवा भाव को जीवन का आधार बताते हुए उन्होंने सामाजिक संगठनों को निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय को विकास की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि जब समाज की सकारात्मक पहलें आगे आती हैं तो शासन-प्रशासन को भी नई दिशा मिलती है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने स्वास्थ्य जागरूकता, निवारक चिकित्सा तथा योग-प्राणायाम को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताया।

विशिष्ट वक्ता के रूप में बिहार के भागलपुर स्थित के उपकुलपति डॉ. गोपाल नरसन ने आत्मचिंतनम् परिवार और मनु मन की आवाज फाउंडेशन के शैक्षिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये संस्थाएं छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में मजबूत भूमिका निभा रही हैं। साथ ही उन्होंने वर्तमान समय में अष्टांग योग की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को “श्रेष्ठ रत्न सम्मान” से अलंकृत किया गया। धार्मिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम एवं महामंत्री तन्मय वशिष्ठ को सम्मानित किया गया। साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र में श्री गोपाल नरसन और श्री अभिनंदन गुप्ता को सम्मान मिला। शिक्षा क्षेत्र में डॉ. सुनील बत्रा, प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सोशल मीडिया क्षेत्र में मनीष शर्मा और विपुल गाबा, तथा राजनीतिक क्षेत्र में युवा प्रेरणा के लिए आशुतोष शर्मा को सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त पूर्व राज्यमंत्री विमल कुमार, संजीव बालियान, नीतिश रेहान, मधुर मोहन शर्मा, अधिवक्ता पुनीत कंसल, अधिवक्ता अर्क शर्मा, आकाश भारद्वाज, सीए मृणाल शर्मा, श्रीमती संतोष शर्मा, अनिल भारतीय, सुभाष मालिक, जगदीश लाल पहवा, डॉ. विशाल गर्ग, बादल अरोड़ा, निगम पार्षद तन्मयी, शिवम श्रोतिय, पत्रकार सुनील मिश्रा, शैलेश अग्रवाल, मोहित शर्मा, सौरभ सिखोला, शाश्वत वशिष्ठ, श्वेता पालीवाल, रचना पालीवाल, धीरज पालीवाल, अभिषेक पांडे, डॉ. मोहित वर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती, हरमोहन तनेजा, प्रधानाचार्या पूनम राणा, विनायक झा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में खेल और शिक्षा क्षेत्र के उभरते प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया गया। भारतीय जूनियर क्रिकेट टीम में स्थान प्राप्त करने वाली कनक तसलानिया तथा हैवीवेट लिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शशांक शर्मा को सम्मानित किया गया। कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को आकाश भारद्वाज और तान्या भारद्वाज द्वारा स्कूल बैग प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का संचालन आत्मचिंतनम् परिवार के महामंत्री अंकुर पालीवाल एवं अष्टांग योग के अध्यक्ष अर्पण शर्मा ने प्रभावशाली शैली में किया। अभिनंदन गुप्ता ने मां गंगा पर आधारित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया।

समारोह के अंत में डॉ. मनु शिवपुरी और उमाशंकर वशिष्ठ ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रेरणा 1.0” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरण की एक निरंतर चलने वाली श्रृंखला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी समाज के प्रेरक व्यक्तित्वों को मंच प्रदान कर सम्मानित किया जाता रहेगा।

इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब सेवा, संस्कार और संकल्प एक मंच पर आते हैं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई राह खुलती है। “प्रेरणा 1.0” वास्तव में हरिद्वार की सामाजिक चेतना का प्रेरक अध्याय बनकर उभरा।

Related Articles

Back to top button