उत्तराखंड आपदा पर शादाब शम्स की भावुक अपील,, धराली त्रासदी में पीड़ितों के लिए दरगाह साबिर पाक में चादरपशी व दुआ,, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री व सेना के प्रयासों की सराहना,, बचाव कार्यों की सफलता की प्रार्थना

इन्तजार रजा हरिद्वार- उत्तराखंड आपदा पर शादाब शम्स की भावुक अपील,,
धराली त्रासदी में पीड़ितों के लिए दरगाह साबिर पाक में चादरपशी व दुआ,,
मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री व सेना के प्रयासों की सराहना,, बचाव कार्यों की सफलता की प्रार्थना
हरिद्वार। उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा ने पूरे उत्तराखंड को गहरे शोक में डुबो दिया है। वक्फ बोर्ड उत्तराखंड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आज पूरा उत्तराखंड रो रहा है, हर किसी के दिल में पीड़ा और आंखों में आंसू हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन के साथ उन्होंने दरगाह साबिर पाक में चादरपशी कर पीड़ितों और फंसे हुए लोगों की सलामती के लिए विशेष दुआ मांगी।
शादाब शम्स ने कहा कि इस आपदा में कई परिवार उजड़ गए, गेस्ट हाउस जमींदोज हो गए और तीन-तीन मंजिला इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं। “जब हम सोचते हैं कि अंदर फंसे बच्चों की हालत कैसी होगी, तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं,” उन्होंने कहा। इस मुश्किल घड़ी में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि जो लोग इस दुनिया से चले गए हैं, उनकी आत्मा को शांति मिले और जो फंसे हुए हैं, उनकी जानें सुरक्षित रहें।
उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और प्रशासनिक टीमें लगातार राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मौके पर कैंप किए हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह हालात की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और राज्य सरकार से सीधे संवाद में हैं। केंद्र सरकार द्वारा हेलीकॉप्टर, अपाचे विमान और जेसीबी जैसी भारी मशीनरी मौके पर भेजी जा रही है, जो यह दर्शाता है कि सरकार पूरी ईमानदारी से राहत कार्य में लगी है।
शादाब शम्स ने कहा, “हम कमजोर लोग हैं, लेकिन जब कुछ नहीं कर पाते, तो दुआ के लिए दुआगो बन जाते हैं। हमने रो-रोकर दुआ मांगी है कि ऊपर वाला इस आपदा का असर कम करे और सभी फंसे हुए लोग सकुशल लौटें।” उन्होंने बताया कि पूरे उत्तराखंड में, चाहे मंदिर हो, गुरुद्वारा या दरगाह, हर जगह पीड़ितों के लिए प्रार्थनाएं हो रही हैं।
अंत में उन्होंने सेना और राहत कर्मियों की जांबाजी की सराहना करते हुए कहा कि बेहद विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे जवान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचा रहे हैं। “हम उनकी हिफाजत की भी दुआ कर रहे हैं, ताकि वे सकुशल अपने मिशन को पूरा करें और एक-एक जिंदगी को बचा सकें,” उन्होंने कहा।
शादाब शम्स ने उम्मीद जताई कि दरगाह साबिर पाक में मांगी गई दुआएं कबूल होंगी और उत्तराखंड इस त्रासदी से उबरकर फिर से खड़ा होगा।



