अपराधअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंऑपरेशन कालनेमि

रुड़की में अनधिकृत प्लॉटिंग पर प्राधिकरण का फिर गरजा बुलडोजर,, पाडली गुर्जर–आसफनगर झाल के पास 11 बीघा में अवैध कॉलोनी ध्वस्त,, पुलिस बल की मौजूदगी में चली सख्त कार्रवाई, निर्माणकर्ता को अंतिम चेतावनी

इन्तजार रजा हरिद्वार- रुड़की में अनधिकृत प्लॉटिंग पर प्राधिकरण का फिर गरजा बुलडोजर,,

पाडली गुर्जर–आसफनगर झाल के पास 11 बीघा में अवैध कॉलोनी ध्वस्त,,

पुलिस बल की मौजूदगी में चली सख्त कार्रवाई, निर्माणकर्ता को अंतिम चेतावनी

रुड़की | 16 दिसम्बर 2025

रुड़की तहसील क्षेत्र में अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पाडली गुर्जर आसफनगर झाल के पास श्री मुकर्रम द्वारा लगभग 10 से 11 बीघा भूमि में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उन तमाम भू-माफियाओं के लिए कड़ा संदेश है, जो नियम-कानून को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनियों का जाल बिछा रहे हैं।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, उक्त भूमि पर बिना किसी स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के प्लॉट काटे जा रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किया जा चुका था। इसके बावजूद भी अनाधिकृत निर्माणकर्ता ने चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा, जिससे प्राधिकरण को मजबूरन सख्त कदम उठाना पड़ा।

नोटिस और निर्देशों की खुली अवहेलना

प्राधिकरण का कहना है कि स्थल पर कई बार टीम भेजकर निर्माण कार्य रोकने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए काम नहीं रोका गया। यही नहीं, अवैध प्लॉटिंग के माध्यम से आम जनता को गुमराह कर प्लॉट बेचने की आशंका भी जताई जा रही थी। ऐसे में प्रशासन ने स्थिति को गंभीर मानते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की।

पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई

किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मशीनरी के जरिए अवैध रूप से विकसित किए जा रहे ढांचे और प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अनाधिकृत निर्माणकर्ता को सख्त लहजे में निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए, अन्यथा और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

भू-माफियाओं को साफ संदेश

इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि प्राधिकरण अब अवैध प्लॉटिंग के मामलों में कोई नरमी बरतने के मूड में नहीं है। अधिकारियों ने साफ कहा कि क्षेत्र में नियमों के खिलाफ विकसित की जा रही हर अवैध कॉलोनी पर इसी तरह बुलडोजर चलेगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि बिना प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र और वैध अनुमति के किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद न करें, ताकि भविष्य में कानूनी परेशानी से बचा जा सके।

प्राधिकरण की यह आक्रामक कार्रवाई न सिर्फ अवैध निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा है, बल्कि यह संदेश भी है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। आने वाले दिनों में ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button