हरिद्वार को स्वच्छ–सुंदर बनाने की दिशा में महा अभियान,, 2 माह 6 दिन से निरंतर चल रही सफाई मुहिम, 31 जनवरी तक महा स्वच्छता अभियान,, परिवहन विभाग और NHAI ने संभाला मोर्चा, डीएम मयूर दीक्षित के नेतृत्व में प्रशासन सक्रिय

इन्तजार रजा हरिद्वार- हरिद्वार को स्वच्छ–सुंदर बनाने की दिशा में महा अभियान,,
2 माह 6 दिन से निरंतर चल रही सफाई मुहिम, 31 जनवरी तक महा स्वच्छता अभियान,,
परिवहन विभाग और NHAI ने संभाला मोर्चा, डीएम मयूर दीक्षित के नेतृत्व में प्रशासन सक्रिय
हरिद्वार, 23 जनवरी 2026।
तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ, सुंदर और मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा निरंतर स्वच्छता अभियान अब अपने सकारात्मक परिणाम दिखाने लगा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व में यह अभियान पिछले 2 माह 6 दिन से लगातार शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।
जनपद को स्वच्छता की दिशा में और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 तक “महा स्वच्छता अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों का विभागवार रोस्टर जारी किया गया है, ताकि हर विभाग की जिम्मेदारी तय हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
जिलाधिकारी का सख्त निर्देश—स्वच्छता में लापरवाही नहीं
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों को स्वच्छता अभियान में जो भी दायित्व सौंपे गए हैं, वे उन्हें पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में आस्था और तीर्थाटन का प्रमुख केंद्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता सीधे तौर पर प्रदेश की छवि से जुड़ी हुई है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि हरिद्वार को क्लीन, ग्रीन और मॉडल जनपद के रूप में स्थापित किया जाए।
परिवहन विभाग और NHAI ने संभाला मोर्चा
महा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) निखिल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के “हरिद्वार स्वच्छ हो अपना” के संकल्प को साकार करने तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया।
इस अभियान में ARTO प्रशासन हरिद्वार, ARTO प्रवर्तन हरिद्वार, समस्त ARTO कार्यालय स्टाफ, इंटरसेप्टर टीम हरिद्वार, टास्क फोर्स गोवर्धनपुर एवं चिड़ियापुर, साथ ही NHAI रूड़की एवं NHAI नजीबाबाद की सक्रिय सहभागिता रही।
अभियान के दौरान हरिद्वार–दिल्ली, हरिद्वार–लक्सर और हरिद्वार–नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारों, सर्विस लेन, डिवाइडर, बस स्टॉप और अन्य सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई कराई गई। जमा कचरे को हटाकर उसका सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी किया गया।
स्वच्छता के साथ जन-जागरूकता पर जोर
सफाई अभियान के दौरान केवल कचरा हटाने तक ही सीमित न रहते हुए जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। आमजन, वाहन चालकों और दुकानदारों को सड़क पर कचरा न फैलाने, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने और वाहनों में गार्बेज बैग रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता नहीं मिल सकती, इसलिए लोगों को इस मुहिम से लगातार जोड़ा जा रहा है।
नेचर फाउंडेशन और नगर निगम की अहम भूमिका
महा स्वच्छता अभियान में नेचर फाउंडेशन एवं नगर निगम की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
नेचर फाउंडेशन की अध्यक्ष किरन भटनागर ने बताया कि संस्था द्वारा नगर निगम के सहयोग से गंगा घाटों की विशेष सफाई कराई गई। इसके साथ ही घाटों के आसपास के क्षेत्रों से भी कचरा हटाकर वातावरण को स्वच्छ बनाया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा और गंगा की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से घाट क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया।
जिला प्रशासन की जन-अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है—
“अब न चलेगा कोई बहाना,
सफाई अभियान में सबको है आना।”
प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ हरिद्वार केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहयोग और जनजागरूकता से ही संभव है। आने वाले दिनों में महा स्वच्छता अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा, ताकि हरिद्वार वास्तव में स्वच्छ, सुंदर और आदर्श जनपद के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर सके।



