अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

मुसलमानों में आ रहा बड़ा बदलाव: शादाब शम्स,, वक्फ बोर्ड के आह्वान पर मदरसों-मस्जिदों में फहरा तिरंगा, बच्चों में दिखी राष्ट्रभक्ति,, प्रधानमंत्री मोदी के ‘विश्वगुरु भारत’ के सपने को साकार करता दृश्य: वक्फ बोर्ड अध्यक्ष

इन्तजार रजा हरिद्वार- मुसलमानों में आ रहा बड़ा बदलाव: शादाब शम्स,,

वक्फ बोर्ड के आह्वान पर मदरसों-मस्जिदों में फहरा तिरंगा, बच्चों में दिखी राष्ट्रभक्ति,,

प्रधानमंत्री मोदी के ‘विश्वगुरु भारत’ के सपने को साकार करता दृश्य: वक्फ बोर्ड अध्यक्ष

 

देहरादून।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की ओर से प्रदेशभर में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स के आह्वान पर राज्य के सभी मदरसों, मस्जिदों, खानकाहों और ईदगाहों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर शादाब शम्स स्वयं देहरादून के माजरा स्थित जामिया-तुल-उलूम मॉडर्न मदरसा पहुंचे, जहां उन्होंने झंडारोहण कर बच्चों और शिक्षकों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया।

झंडारोहण के बाद मदरसे के छात्र-छात्राओं ने भारत माता के जयकारे लगाए, देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुस्लिम समाज में अब एक सकारात्मक और ऐतिहासिक बदलाव साफ नजर आ रहा है।

शादाब शम्स ने कहा कि मुस्लिम समाज अब केवल धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि शिक्षा, राष्ट्रनिर्माण और संवैधानिक मूल्यों के साथ मजबूती से खड़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज मदरसों और मस्जिदों में तिरंगे का फहराना यह साबित करता है कि मुस्लिम समाज भारत की एकता, अखंडता और संविधान में पूरी आस्था रखता है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “आज जब मुस्लिम बच्चे खुद तिरंगे के साथ मंच पर खड़े होकर अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं, तो यह दृश्य केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर है।” शादाब शम्स ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देखा गया भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना अब धीरे-धीरे साकार होता दिखाई दे रहा है।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश को जो संविधान मिला, वह केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं बल्कि देश की आत्मा है। “वी द पीपल ऑफ इंडिया” का अर्थ समझाते हुए उन्होंने कहा कि भारत किसी एक वर्ग, जाति या संप्रदाय से नहीं बनता, बल्कि हर नागरिक के योगदान से बनता है। अगर देश को विश्वगुरु बनाना है, तो हर समाज, हर वर्ग और हर संप्रदाय को अपनी-अपनी आहुति राष्ट्ररूपी यज्ञ में देनी होगी।

शादाब शम्स ने कहा कि उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने जानबूझकर यह निर्णय लिया कि गणतंत्र दिवस पर मदरसों और मस्जिदों में झंडारोहण कराया जाए, ताकि यह संदेश जाए कि मुस्लिम समाज देश से अलग नहीं, बल्कि देश की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस पहल में मुस्लिम समाज ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विशेष रूप से बेटियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी गौरवपूर्ण बना दिया।

उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज अब शिक्षा की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है। आधुनिक शिक्षा, संवैधानिक समझ और राष्ट्रवादी सोच के साथ आगे बढ़ रहा यह समाज देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाने के लिए तैयार है। शादाब शम्स ने कहा कि यह बदलाव केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश देगा।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर मदरसों में देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और तिरंगे के प्रति सम्मान ने यह साबित कर दिया कि राष्ट्रभक्ति किसी एक धर्म या समुदाय की बपौती नहीं होती। उन्होंने कहा कि जब मस्जिदों और मदरसों में भी तिरंगे की आन-बान-शान का गान हो रहा है, तो यह आने वाले समय के लिए एक शुभ संकेत है।

शादाब शम्स ने विश्वास जताया कि अगर इसी तरह मुस्लिम समाज शिक्षा, संविधान और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता मजबूत करता रहा, तो आने वाला वक्त निश्चित रूप से और बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश तिरंगे में लिपटा हुआ है और यही एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

 

शादाब शम्स, अध्यक्ष, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड
“26 जनवरी गणतंत्र दिवस की सभी को शुभकामनाएं। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के माध्यम से यह ऐलान किया गया था कि तमाम मस्जिदों, मदरसों, खानकाहों और ईदगाहों में झंडारोहण किया जाएगा। मुझे भी सौभाग्य मिला कि मैं देहरादून के जामियातुल उलूम मॉडर्न मदरसे में जाकर झंडारोहण कर सका। मुस्लिम समाज ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बेटियों ने सुंदर गीत प्रस्तुत किए। मुस्लिम समाज अब बदल रहा है—वह शिक्षा की ओर बढ़ रहा है और राष्ट्रवादी विचारधारा से ओतप्रोत हो रहा है। अगर हर समाज अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो भारत को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।”

Related Articles

Back to top button