अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण-मुक्त हरिद्वार की दिशा में डीएम सख़्त,, कांवड़ पटरी मार्ग का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई में ढिलाई पर नगर निगम को फटकार,, सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक अतिक्रमण हटाने, सौंदर्यकरण तेज़ करने और दोबारा कब्ज़े पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार- स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण-मुक्त हरिद्वार की दिशा में डीएम सख़्त,,

कांवड़ पटरी मार्ग का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई में ढिलाई पर नगर निगम को फटकार,,

सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक अतिक्रमण हटाने, सौंदर्यकरण तेज़ करने और दोबारा कब्ज़े पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

हरिद्वार, 30 दिसंबर 2026।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मंगलवार को सिडकुल प्रशासन, आरएम सिडकुल, नगर निगम तथा सीएसआर से जुड़ी कंपनियों के अधिकारियों के साथ कांवड़ पटरी मार्ग (सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक) का स्थलीय निरीक्षण किया और जनपद में चल रहे सफाई एवं सौंदर्यकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि हरिद्वार श्रद्धा का केंद्र है, यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांवड़ पटरी मार्ग के आसपास बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल एवं मार्ग की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।

कांवड़ पटरी मार्ग वैकल्पिक नहीं, महत्वपूर्ण श्रद्धालु मार्ग: डीएम

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग केवल वैकल्पिक मार्ग नहीं है, बल्कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से हरिद्वार में प्रवेश करते हैं। ऐसे में मार्ग पर फैली गंदगी, उगी हुई झाड़ियां और टूटी संरचनाएं हरिद्वार की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों को तत्काल कटवाया जाए, जलभराव की समस्या को दूर किया जाए तथा पूरे क्षेत्र को सुव्यवस्थित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि सीएसआर के माध्यम से कांवड़ पटरी मार्ग पर पौधारोपण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सौंदर्यकरण के साथ-साथ हरित वातावरण विकसित करना भी आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को स्वच्छ हवा और सुंदर परिवेश मिल सके।

अतिक्रमण पर सख़्त रुख, दोबारा कब्ज़े पर होगी कड़ी कार्रवाई

सिंहद्वार पुल के आसपास निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अतिक्रमण कर लगाई गई फड़, ठेली एवं अस्थायी दुकानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए और भविष्य में इस क्षेत्र में दोबारा कब्ज़ा न हो, इसके लिए निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या दुकानदार दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएसआर कंपनियों को काम में तेजी लाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंहद्वार से कांवड़ पटरी मार्ग पर सीएसआर के माध्यम से एकम्स कंपनी एवं हीरो कंपनी द्वारा किए जा रहे सफाई एवं सौंदर्यकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने दोनों कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में और तेजी लाई जाए, गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और निजी कंपनियों के सहयोग से यदि योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए, तो हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ धार्मिक नगरों में शामिल किया जा सकता है।

नगर निगम की लापरवाही पर डीएम नाराज़

नगर निगम क्षेत्रांतर्गत सफाई अभियान में ढिलाई और लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सफाई अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी करें, नियमित सफाई सुनिश्चित करें और शिकायत मिलने पर तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी

हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाना सामूहिक जिम्मेदारी

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसहयोग से सफाई अभियान को और प्रभावी बनाएं तथा हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को बनाए रखें।

निरीक्षण के दौरान आरएम सिडकुल कमल किशोर कफल्टिया, एकम्स कंपनी के जीएम के.डी. शर्मा, हीरो कंपनी के एचआर हेड पंकज भट्ट, हरीश नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button