649वें प्रकाश उत्सव पर हरिद्वार पहुंचेगी दमड़ी यात्रा,, पंजाब से आएंगे हजारों श्रद्धालु, जटवाड़ा से हरकी पैड़ी तक निकलेगी भक्ति यात्रा,, समानता और भाईचारे का संदेश देगी गुरु रविदास जी की पारंपरिक यात्रा

इन्तजार रजा हरिद्वार- 649वें प्रकाश उत्सव पर हरिद्वार पहुंचेगी दमड़ी यात्रा,,
पंजाब से आएंगे हजारों श्रद्धालु, जटवाड़ा से हरकी पैड़ी तक निकलेगी भक्ति यात्रा,,
समानता और भाईचारे का संदेश देगी गुरु रविदास जी की पारंपरिक यात्रा
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब से हरिद्वार आने वाली पारंपरिक दमड़ी यात्रा के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ की एक महत्वपूर्ण बैठक धनौरी-बहादराबाद रोड स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें यात्रा के भव्य स्वागत और आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गुरु रविदास महाराज के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पंजाब से निकलने वाली यह भव्य दमड़ी यात्रा 4 अप्रैल को हरिद्वार पहुंचेगी। यात्रा सुबह लगभग 10 बजे जटवाड़ा, ज्वालापुर पुल पहुंचेगी, जहां से हजारों श्रद्धालु भक्ति और कीर्तन के साथ पैदल यात्रा करते हुए स्थित परम संत गुरु रविदास जी महाराज मंदिर तक प्रस्थान करेंगे।
रविदासिया समाज द्वारा यात्रा के स्वागत के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर श्रद्धालुओं के स्वागत, व्यवस्था और कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि इस बार यात्रा में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की योजना बनाई जा रही है।
दमड़ी यात्रा पूरी तरह भक्ति भावना से ओत-प्रोत होगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर प्रवचन और सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा समाज में समानता, भाईचारे और ‘बेगमपुरा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
बैठक में चेयरमैन संत श्रवण दास बोहन, प्रधान संत बाबा निर्मल दास, सचिव संत इंद्र दास जनरल और संत परमजीत दास सहित कई संत महात्माओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल उपस्थित रहे।
इसके अलावा संगठन महामंत्री सतीश कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजयपाल सिंह, जिलाध्यक्ष देशराज प्रधान, राजेश गौतम, प्रोफेसर संजय कुमार, संरक्षक किशन पाल, संदीप कुमार, स्वराज सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य बहादराबाद संजय कुमार, तिलकराम, धर्मेंद्र पारले सहित अनेक पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि यह दमड़ी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि समाज में समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे। 🙏




