अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

कांग्रेस अध्यक्ष के ब्यान पर बवाल, एडवोकेट भदौरिया ने भेजा कानूनी नोटिस

इन्तजार रजा हरिद्वार 🔴 कांग्रेस अध्यक्ष के ब्यान पर बवाल, एडवोकेट भदौरिया ने भेजा कानूनी नोटिस

हरिद्वार में मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कथित बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा असम के श्रीभूमि जिले के बराक वैली क्षेत्र में दिए गए भाषण पर आपत्ति जताते हुए हरिद्वार निवासी एडवोकेट कमल भदौरिया ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है।

एडवोकेट कमल भदौरिया का आरोप है कि खड़गे ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना “जहरीले सांप” से करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की। नोटिस में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार के बयान से समाज में वैमनस्य फैल सकता है और कानून-व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।

नोटिस के अनुसार, खड़गे को 3 दिन के भीतर देशवासियों से सार्वजनिक माफी मांगने और भविष्य में इस प्रकार के बयान न देने का लिखित आश्वासन देने को कहा गया है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि उनके खिलाफ हरिद्वार न्यायालय में भड़काऊ भाषण के आरोप में मुकदमा दर्ज क्यों न किया जाए।

एडवोकेट भदौरिया ने अपने नोटिस में भारतीय जनता पार्टी की विभिन्न योजनाओं—जैसे जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि—का उल्लेख करते हुए पार्टी के कार्यों को रेखांकित किया। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आपदा राहत, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी जिक्र किया गया।

नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि खड़गे का बयान जानबूझकर लोगों को भड़काने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से दिया गया है।

फिलहाल इस मामले में मल्लिकार्जुन खड़गे या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button