अपराधअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

चारधाम यात्रा 2026 को लेकर फर्जी खबर फैलाने वालों पर सख्त वार की तैयारी: चारधाम यात्रा 2026 को लेकर सीएम धामी का बड़ा ऐलान 🟡 सुरक्षित, स्वच्छ और टेक्नोलॉजी से लैस होगी यात्रा, श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतर अनुभव 🟢 हेली सेवाओं से लेकर ट्रैफिक और स्वास्थ्य तक हर व्यवस्था पर कड़ी निगरानी के निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार 🔴 चारधाम यात्रा 2026 को लेकर फर्जी खबर फैलाने वालों पर सख्त वार की तैयारी: चारधाम यात्रा 2026 को लेकर सीएम धामी का बड़ा ऐलान
🟡 सुरक्षित, स्वच्छ और टेक्नोलॉजी से लैस होगी यात्रा, श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतर अनुभव
🟢 हेली सेवाओं से लेकर ट्रैफिक और स्वास्थ्य तक हर व्यवस्था पर कड़ी निगरानी के निर्देश

देवभूमि उत्तराखंड की जीवनरेखा मानी जाने वाली चारधाम यात्रा 2026 को लेकर सरकार ने इस बार बेहद सख्त और व्यवस्थित तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा को हर दृष्टि से सुरक्षित, सुव्यवस्थित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गुरुवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार, विश्वकर्मा भवन में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि चारधाम यात्रा को लेकर कोई भी भ्रामक खबर या अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी गतिविधियों पर नजर रखते हुए तुरंत एक्शन लिया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने ‘ग्रीन एवं क्लीन चारधाम यात्रा’ अभियान को इस बार और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्शन बॉक्स लगाने और प्लास्टिक उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने को कहा। साथ ही स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया।

हेली सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसमें व्यावसायिक लाभ से अधिक मानवता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। सभी हेलीकॉप्टरों की नियमित जांच, फिटनेस और SOP का सख्ती से पालन अनिवार्य होगा। ओवरलोडिंग से बचने और सेवाओं को समय-समय पर विश्राम देने के निर्देश भी दिए गए।

यात्रा के दौरान मौसम आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने, प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट और आकर्षक इंस्टॉलेशन विकसित करने तथा मार्गों पर सौंदर्यीकरण और साइनज सुधारने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस, पेट्रोल, डीजल और आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी न हो, इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर नियमित निगरानी की जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्गों पर मेडिकल यूनिट्स, अस्थायी अस्पताल और पशु चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विश्राम स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से राहत देने के लिए स्लॉट मैनेजमेंट और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल बनाते हुए अतिरिक्त काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे यात्रा मार्ग पर CCTV कैमरे और AI आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने की योजना भी बनाई गई है।

कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस और होमगार्ड्स की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर सख्त निर्देश देते हुए जाम की स्थिति से बचने और वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने पर जोर दिया गया। साथ ही SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री धामी ने साफ कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और पहचान से जुड़ी अहम कड़ी है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

सरकार का लक्ष्य है कि इस बार की चारधाम यात्रा न केवल सुरक्षित और सुव्यवस्थित हो, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार और सुखद अनुभव भी बने।

Related Articles

Back to top button