खस्ताहाल हुआ सोलानी पुल, हर पल हादसे का खतरा!,, बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव से वाहन चालक परेशान, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें,, लोगों ने उठाए सवाल— क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है विभाग?

खस्ताहाल हुआ सोलानी पुल, हर पल हादसे का खतरा!,,
बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव से वाहन चालक परेशान, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें,,
लोगों ने उठाए सवाल— क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है विभाग?
रुड़की शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग सोलानी पुल इन दिनों बदहाल स्थिति का सामना कर रहा है। पुल की सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में खासकर दुपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की सड़क लंबे समय से जर्जर थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण अब स्थिति और अधिक खराब हो गई है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग समस्या से अवगत होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो।
क्षेत्रवासियों और दैनिक यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि सोलानी पुल की सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।



