अपराधअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तर प्रदेशउत्तराखंड

देहरादून के सुनियोजित विकास की ओर बड़ा कदम,, मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों पर तेज हुई मास्टर प्लान 2041 की प्रक्रिया,, प्राकृतिक विरासत को बचाने और ‘ग्रीन देहरादून’ बनाने पर विशेष जोर

इन्तजार रजा हरिद्वार-देहरादून के सुनियोजित विकास की ओर बड़ा कदम,,

मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों पर तेज हुई मास्टर प्लान 2041 की प्रक्रिया,,

प्राकृतिक विरासत को बचाने और ‘ग्रीन देहरादून’ बनाने पर विशेष जोर

देहरादून।
राजधानी देहरादून के सुनियोजित, संतुलित और दीर्घकालिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए मास्टर प्लान 2041 को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) इस महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम कर रहा है। इस मास्टर प्लान के माध्यम से शहर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शहरी सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

शनिवार को प्राधिकरण कार्यालय में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें मास्टर प्लान 2041 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए इसे अंतिम स्वरूप देने की रणनीति तय की गई। अधिकारियों ने कहा कि यह मास्टर प्लान न केवल शहर के भौतिक विकास को दिशा देगा बल्कि देहरादून की प्राकृतिक पहचान और विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा।

पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा शहर का विकास

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि मास्टर प्लान 2041 केवल बुनियादी ढांचे के विस्तार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें देहरादून की प्राकृतिक विरासत को सहेजने के लिए भी ठोस प्रावधान किए जाएंगे। शहर की नदियों, जंगलों और हरित क्षेत्रों को संरक्षित करने के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण के दबाव के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान में ‘ग्रीन देहरादून’ की अवधारणा को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल स्रोतों को संरक्षित करने और पर्यावरण अनुकूल विकास को बढ़ावा देने के उपाय शामिल किए जा रहे हैं।

साथ ही, अनियोजित निर्माण और अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए भी कड़े प्रावधान प्रस्तावित किए जा रहे हैं, ताकि शहर का विकास व्यवस्थित और नियंत्रित तरीके से हो सके।

जनभागीदारी और आधुनिक जरूरतों पर विशेष फोकस

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मास्टर प्लान 2041 को जनभागीदारी आधारित बनाया जा रहा है। इसके तहत आम नागरिकों, विशेषज्ञों और विभिन्न हितधारकों से सुझाव लेकर योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि किसी भी शहर के सफल विकास के लिए जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है।

मास्टर प्लान में आधुनिक शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, आवासीय विकास, औद्योगिक क्षेत्र, व्यापारिक गतिविधियों और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा शहर में बेहतर सड़क नेटवर्क, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन और नागरिक सुविधाओं के विकास की योजना भी तैयार की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि देहरादून की भौगोलिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है, जिससे शहर की प्राकृतिक सुंदरता और पहचान बरकरार रहे।

उच्चस्तरीय बैठक में बनी अंतिम रणनीति

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने मास्टर प्लान से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में योजना को जल्द अंतिम रूप देने के लिए कार्ययोजना भी तय की गई।

बैठक में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह और गौरव चटवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा चीफ टाउन प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार और मास्टर प्लान की कार्यदायी संस्था की ओर से नीरव मखवाना भी बैठक में शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि मास्टर प्लान 2041 के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों के उपयोग, विकास और संरक्षण के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जा रहे हैं। इसके जरिए आने वाले वर्षों में देहरादून को एक व्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव

मास्टर प्लान 2041 को देहरादून के भविष्य की आधारशिला माना जा रहा है। यह योजना अगले दो दशकों में शहर के विकास की दिशा तय करेगी। इसके तहत शहरी विस्तार को संतुलित रखते हुए पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सरकार और प्राधिकरण का लक्ष्य है कि देहरादून को ऐसा शहर बनाया जाए, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संतुलन भी कायम रहे। इसी सोच के साथ मास्टर प्लान 2041 को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, ताकि आने वाले समय में देहरादून एक आदर्श और टिकाऊ शहरी विकास मॉडल के रूप में उभर सके।

Related Articles

Back to top button