मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मनरेगा की समीक्षा बैठक आयोजित,, युवाओं को जोड़ने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और अतिक्रमण हटाने पर दिया जोर,, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र बोले – पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ दिखे विकास के कार्य

इन्तजार रजा हरिद्वार- मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मनरेगा की समीक्षा बैठक आयोजित,,
युवाओं को जोड़ने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और अतिक्रमण हटाने पर दिया जोर,,
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र बोले – पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ दिखे विकास के कार्य
हरिद्वार, 28 अक्टूबर 2025।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने मनरेगा के कार्यों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर विशेष बल दिया। सीडीओ डॉ. मिश्र ने कहा कि युवाओं को मनरेगा से जोड़ा जाए ताकि न केवल रोजगार के अवसर बढ़ें बल्कि स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत संचालित योजनाओं को आजीविका से जोड़ा जाए, जिससे ग्रामीणों को स्थायी आर्थिक सशक्तिकरण प्राप्त हो सके।
अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों और ग्रामीण मार्गों पर किए गए अतिक्रमण की पहचान कर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एसडीएम के साथ संयुक्त रूप से की जाए ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की स्थिति न बने। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सभी चकरोड़ों (गांवों के सार्वजनिक मार्गों) को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए।
सिंचाई सुविधाओं और अमृत सरोवर परियोजनाओं की समीक्षा
सीडीओ ने मनरेगा के तहत चल रही अमृत सरोवर परियोजनाओं और अन्य विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा और अन्य विभागों के समन्वय से केन्द्राभिसरण/युगपतिकरण की नीति के तहत प्रत्येक गांव में सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास तभी सार्थक होगा जब कृषि उत्पादन को स्थायित्व मिले और सिंचाई की व्यवस्था हर किसान तक पहुँचे।
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मनरेगा के कार्य धरातल पर दिखाई दें और जनता उन्हें महसूस करे, इसके लिए कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सराहना जनता से ही मिलती है, इसलिए हर कार्य ईमानदारी से किया जाए ताकि जनविश्वास मजबूत हो। बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल, बीडीओ भगवानपुर आलोक गार्गेय सहित सभी ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी और मनरेगा कर्मी उपस्थित रहे।
सीडीओ ने अंत में सभी अधिकारियों से कहा कि विकास कार्य केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि ग्राम स्तर पर दिखने चाहिए। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा के माध्यम से जनसामान्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया।



