छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोपी राजपुर निवासी वाजिद पुत्र महबूब गिरफ्तार,, युवती को जबरन ले जाने की कोशिश, विरोध करने पर तमंचा दिखाकर दी धमकी,, रानीपुर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को NBW के तहत तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा

इन्तजार रजा हरिद्वार- छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोपी राजपुर निवासी वाजिद पुत्र मेहबूब गिरफ्तार,,
युवती को जबरन ले जाने की कोशिश, विरोध करने पर तमंचा दिखाकर दी धमकी,,
रानीपुर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को NBW के तहत तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने युवती के साथ छेड़छाड़, अपहरण के प्रयास और तमंचा दिखाकर धमकी देने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला 25 जनवरी 2026 का है, जब सुमननगर, राजपुर रानीपुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम राजपुर निवासी वाजिद पुत्र मेहबूब और उसके एक साथी ने उनकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया। जब युवती और उसके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट की और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रानीपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और पतारसी कर आरोपी की तलाश में जुटी रही। लेकिन घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस की लगातार दबिश और प्रयासों के चलते आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय से नॉन-बेलेबल वारंट (NBW) भी जारी कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी।
इसी क्रम में 18 मार्च 2026 की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सलेमपुर मार्ग की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी वाजिद पुत्र मेहबूब (उम्र 24 वर्ष) निवासी ग्राम राजपुर, थाना रानीपुर को हिरासत में ले लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह युवती से दोस्ती करना चाहता था, लेकिन युवती द्वारा मना करने पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर उसे जबरन ले जाने की कोशिश की थी। विरोध होने पर उसने तमंचा दिखाकर लोगों को डराया और मौके से भाग गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी वाजिद पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और वह मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में जेल भी जा चुका है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 277/25 दर्ज है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा, उप निरीक्षक अर्जुन कुमार (चौकी प्रभारी सुमननगर), कांस्टेबल जयदेव और कांस्टेबल दीपक रावत शामिल रहे।
रानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



