अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा प्रहार,, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में रुड़की में सख्त कार्रवाई,, डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर 22 चालान, 41 हजार का अर्थदंड वसूला

इन्तजार रजा हरिद्वार- अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा प्रहार,,
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में रुड़की में सख्त कार्रवाई,,
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर 22 चालान, 41 हजार का अर्थदंड वसूला
हरिद्वार, 26 फरवरी 2026।
जनपद हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी के स्पष्ट और कठोर निर्देशों के बाद प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है। जनहित, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रुड़की क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उनके नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने रुड़की तहसील रोड, गंग नहर कोतवाली से स्टेशन रोड तथा मालवीय नगर चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। कई स्थानों पर वर्षों से जमे अस्थायी ढांचे, ठेले और अवैध कब्जों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके सख्त रुख के चलते अभियान के दौरान अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।
कार्रवाई के दौरान 22 लोगों का चालान किया गया और कुल 41 हजार रुपये का अर्थदंड मौके पर ही वसूला गया। प्रशासन ने साफ कर दिया कि यह सिर्फ शुरुआत है—आने वाले दिनों में और भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई होगी। विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों और भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उपजिलाधिकारियों, संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि आम नागरिकों को जाम, अव्यवस्था और दुर्घटनाओं से बचाने के लिए यह कदम आवश्यक है।
अभियान के दौरान तहसील प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पूरी मुस्तैदी से तैनात रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं, बल्कि कानून का पालन सुनिश्चित करना है। रुड़की में चली इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश साफ हो गया है कि जिला प्रशासन अब अवैध कब्जों को लेकर कोई नरमी बरतने वाला नहीं है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ की अगुवाई में चला यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जनपद को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाते रहेंगे।



