उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

ऑपरेशन कालनेमि में हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार, यूट्यूब पर ‘AGHORA’ बनकर तंत्र-मंत्र से ठगी करने वाला गिरोह ध्वस्त,, एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार, महिला भी शामिल, ₹4.55 लाख नकद और लग्जरी एंडेवर कार बरामद,, धार्मिक आस्था और अंधविश्वास को बनाया था कारोबार, सोशल मीडिया के जरिए फंसाते थे शिकार, हरियाणा के व्यक्ति से ₹4.60 लाख ठगने का खुलासा

ऑपरेशन कालनेमि में हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार, यूट्यूब पर ‘AGHORA’ बनकर तंत्र-मंत्र से ठगी करने वाला गिरोह ध्वस्त,,

एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार, महिला भी शामिल, ₹4.55 लाख नकद और लग्जरी एंडेवर कार बरामद,,

धार्मिक आस्था और अंधविश्वास को बनाया था कारोबार, सोशल मीडिया के जरिए फंसाते थे शिकार, हरियाणा के व्यक्ति से ₹4.60 लाख ठगने का खुलासा

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए धार्मिक आस्था की आड़ में तंत्र-मंत्र और चमत्कार का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में श्यामपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस की तेज, तकनीकी और सटीक कार्रवाई का परिचय दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से ठगी गई ₹4.55 लाख की नकदी, घटना में प्रयुक्त सफेद एंडेवर कार, आईफोन 17 प्रो मैक्स और तंत्र-मंत्र के नाम पर इस्तेमाल किया जाने वाला मिट्टी का मटका सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से देशभर के लोगों को अपना शिकार बना रहा था।

यूट्यूब पर ‘AGHORA’ बनकर फैलाते थे अंधविश्वास का जाल

जांच में सामने आया कि आरोपी “AGHORA” नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, चमत्कार, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और विशेष पूजा-पाठ से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों में विश्वास पैदा किया जाता था। वीडियो देखकर प्रभावित होने वाले लोग अपनी पारिवारिक, मानसिक या धार्मिक समस्याओं के समाधान के लिए आरोपियों से संपर्क करते थे।

इसके बाद गिरोह लोगों को विशेष पूजा, तांत्रिक अनुष्ठान या कथित चमत्कारी उपाय के नाम पर लाखों रुपये लेकर बुलाता था और योजनाबद्ध तरीके से ठगी को अंजाम देता था।

हरियाणा के व्यक्ति को बनाया शिकार, पूजा के नाम पर उड़ाए ₹4.60 लाख

पूरा मामला 16 जुलाई 2026 की रात सामने आया, जब डायल-112 के माध्यम से थाना श्यामपुर पुलिस को सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास मन्नत ढाबा क्षेत्र में एक महिला और दो पुरुष एंडेवर कार से आए और हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार से ₹4.60 लाख लेकर फरार हो गए।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे विशेष तांत्रिक पूजा कराने के लिए बुलाया था। पूजा शुरू करने से पहले उसके पैसों से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया गया और हाथ में लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा गया। कुछ देर बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 24 घंटे में दबोचे आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल विशेष टीम गठित कर सभी बॉर्डर चेक पोस्ट, पिकेट और प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग का समन्वय करते हुए लगातार अभियान चलाया।

आखिरकार पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से दो पुरुष और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला खुल गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद हुआ ठगी का पूरा सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई ₹4,55,000 नकद, आईफोन 17 प्रो मैक्स, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की एंडेवर कार और तंत्र-मंत्र के नाम पर इस्तेमाल किया जाने वाला मिट्टी का मटका, पीला कपड़ा, रोली और कलावा बरामद किया है।

पूछताछ में कबूला पूरा खेल

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के जरिए लोगों का विश्वास जीतते थे और फिर उन्हें अंधविश्वास तथा भय का शिकार बनाकर पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर लाखों रुपये ऐंठते थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि यह गिरोह उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। अब पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की गहन जांच कर रही है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, निवासी मंडावर, बिजनौर (हाल निवासी देहरादून), मोन्टी जोशी, निवासी पटेलनगर, देहरादून तथा एक 31 वर्षीय महिला, मूल निवासी थलीसैंण (पौड़ी गढ़वाल) और वर्तमान निवासी तुनुवाला, देहरादून को गिरफ्तार किया है।

हरिद्वार पुलिस की सख्त चेतावनी

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तथाकथित तांत्रिक, बाबा, चमत्कारी उपचार, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा या तंत्र-मंत्र के नाम पर धन मांगने वाले लोगों के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया, यूट्यूब या किसी अन्य माध्यम से इस प्रकार की ठगी का प्रयास करे तो तुरंत डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें।

इस पूरी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत हरिद्वार पुलिस केवल अवैध गतिविधियों पर ही नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था के नाम पर भोले-भाले लोगों को निशाना बनाने वाले शातिर ठगों पर भी लगातार शिकंजा कस रही है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की यह कार्रवाई उन गिरोहों के लिए कड़ा संदेश है जो सोशल मीडिया और अंधविश्वास को हथियार बनाकर जनता की मेहनत की कमाई लूटने का कारोबार चला रहे हैं।

Related Articles

Back to top button