Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

आरक्षण सुधार और UGC रोलबैक की मांग को लेकर स्वर्ण समाज का बड़ा आंदोलन,, बहादराबाद में उमड़ा जनसैलाब, टोल प्लाजा पर प्रदर्शन के बाद हाईवे पर कई घंटे लगा जाम,, एडीएम वैभव गुप्ता ने लिया ज्ञापन, वक्ताओं ने कहा—आंदोलन किसी वर्ग या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, समानता और आर्थिक आधार पर अवसर की मांग

आरक्षण सुधार और UGC रोलबैक की मांग को लेकर स्वर्ण समाज का बड़ा आंदोलन,,

बहादराबाद में उमड़ा जनसैलाब, टोल प्लाजा पर प्रदर्शन के बाद हाईवे पर कई घंटे लगा जाम,,

एडीएम वैभव गुप्ता ने लिया ज्ञापन, वक्ताओं ने कहा—आंदोलन किसी वर्ग या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, समानता और आर्थिक आधार पर अवसर की मांग

बहादराबाद/हरिद्वार। आरक्षण व्यवस्था में सुधार और UGC से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों को वापस लेने की मांग को लेकर रविवार को बहादराबाद में स्वर्ण समाज की महासभा आयोजित की गई। महासभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के सामने अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम के बाद प्रदर्शनकारियों ने बहादराबाद टोल प्लाजा पहुंचकर ज्ञापन देने की मांग की, जिसके चलते हाईवे पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

महासभा को संबोधित करते हुए क्षत्रिय चौहान महासभा हरिद्वार के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आंदोलन किसी वर्ग के विरोध में नहीं है। उनका कहना था कि समाज समानता, निष्पक्षता और सभी लोगों को समान अवसर देने वाली व्यवस्था की मांग कर रहा है।

वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तम सिंह चौहान ने आरक्षण व्यवस्था में मौजूद विसंगतियों का न्यायसंगत समाधान किए जाने की मांग उठाई। वहीं अमरदीप सिंह रॉबिन ने कहा कि आंदोलन किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक आधार पर सुविधाएं दिए जाने की मांग की।

गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान

महासभा में वक्ताओं ने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही। इसके लिए गांव-गांव और शहर के मोहल्लों में संगठन की इकाइयां गठित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि मांगों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत किया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण को लेकर भी रणनीति तैयार करने की बात कही गई।

टोल प्लाजा पर प्रदर्शन, हाईवे पर लगा जाम

महासभा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में लोग बहादराबाद टोल प्लाजा पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की मांग की। भीड़ बढ़ने के कारण बहादराबाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। एडीएम हरिद्वार ने समाज के प्रतिनिधियों से ज्ञापन लिया।

एडीएम ने बताया कि UGC से संबंधित मामला केंद्र सरकार के स्तर का है। ज्ञापन को उचित माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा, जिसके बाद इस संबंध में निर्णय केंद्र सरकार द्वारा लिया जाना है।

महासभा में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन हिमांशु चौहान ने किया। महासभा में एडवोकेट उत्तम चौहान, बलवंत सिंह चौहान, राजेंद्र चौहान, रविंद्र सिंह, आनंद स्वरूप महाराज, शेर सिंह राणा, कार्तिक गिरी महाराज, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान, प्रधान चंदन चौहान, प्रधान नीरज चौहान, प्रधान अश्वनी चौहान, पार्षद रॉबिन सिंह, बसंत चौहान और अरुण शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

आंदोलन के दौरान उठाई गई मांगों और आगे की रणनीति को लेकर अब प्रशासन तथा केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button