उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

उत्तराखंड में आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू,, 1261 केंद्रों पर 2,15,252 परीक्षार्थी देंगे हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा,, मोबाइल प्रतिबंध, 100 गज में धारा 144 लागू—प्रशासन अलर्ट मोड में

इन्तजार रजा हरिद्वार- उत्तराखंड में आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू,,

1261 केंद्रों पर 2,15,252 परीक्षार्थी देंगे हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा,,

मोबाइल प्रतिबंध, 100 गज में धारा 144 लागू—प्रशासन अलर्ट मोड में

पूरे उत्तराखंड प्रदेश में आज से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का विधिवत शुभारंभ हो गया है। राज्यभर के 1261 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही इन परीक्षाओं में कुल 2,15,252 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक संचालित होंगी। पहले दिन से ही परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

इस वर्ष बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारियों द्वारा सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र के 100 गज की परिधि में धारा 144 लागू की गई है। इसका उद्देश्य परीक्षा के दौरान अनावश्यक भीड़, शोर-शराबा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास चार या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक रहेगी, जिससे परीक्षार्थियों को शांत और अनुकूल वातावरण मिल सके।

इसके अतिरिक्त जिन परीक्षा केंद्रों की परिधि में आवासीय भवन स्थित हैं, वहां किसी भी प्रकार के बड़े आयोजन—विशेषकर शादी समारोह या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करें और परीक्षा अवधि के दौरान सहयोग प्रदान करें।

संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अनुचित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी औचक निरीक्षण करेंगे, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।

परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्रों को सुरक्षित तरीके से संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया गया है और उनकी गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रोटोकॉल अपनाए गए हैं।

प्रदेश सरकार और प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक सहयोग के साथ उत्तराखंड में बोर्ड परीक्षा का यह महत्वपूर्ण चरण आज से शुरू हो गया है।

Related Articles

Back to top button