गोवा में दिल दहला देने वाला अग्निकांड,, अल्मोड़ा के एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम, रिश्तेदार दिल्ली रवाना

इन्तजार रजा हरिद्वार- गोवा में दिल दहला देने वाला अग्निकांड,,
अल्मोड़ा के एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत,
गांव में मातम, रिश्तेदार दिल्ली रवाना


गोवा में छुट्टियां मनाने पहुंचे अल्मोड़ा जिले के एक ही परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब अचानक हुए भीषण अग्निकांड में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में विनोद कबड़वाल, उनकी भाभी कमला कबड़वाल, और सालियां अनीता व सरोज जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनोद की पत्नी भावना को गंभीर हालत में किसी तरह बचा लिया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद अल्मोड़ा जनपद के बगवालीपोखर के मल्लीबाड गांव में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
दिल्ली में रहते थे, छुट्टियों में गए थे गोवा — लौटी मौत की ख़बर
मूल रूप से मल्लीबाड गांव के रहने वाला यह परिवार कई वर्षों से दिल्ली में रह रहा था। छुट्टियों के दौरान परिवार गोवा घूमने के लिए गया था, लेकिन अचानक किसी होटल या गेस्ट हाउस में लगी आग ने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला। विनोद कबड़वाल सहित चार लोगों के झुलसकर मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि प्रशासन की तत्परता से विनोद की पत्नी भावना को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
गांव में पसरा सन्नाटा, रिश्तेदार दिल्ली के लिए रवाना
दुर्घटना की खबर मिलते ही मल्लीबाड गांव में मातम पसरा हुआ है। लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा कि एक साथ चार जिंदगी खत्म हो गईं। गांव के कई रिश्तेदार और परिचित तत्काल दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी ले सकें और परिजनों की मदद कर सकें। गांव में महिलाओं की चीखें और बुजुर्गों के आंसू पूरे माहौल को ग़मगीन कर रहे हैं।
प्रशासन सक्रिय, मृतकों के पार्थिव शरीर लाने की प्रक्रिया शुरू
स्थानीय पुलिस और गोवा प्रशासन मौके पर मौजूद रहकर आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि भवन में सुरक्षा मानकों को लेकर शुरुआती स्तर पर कई सवाल खड़े हुए हैं। मृतकों के पार्थिव शरीर दिल्ली लाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी की जाएगी।
अल्मोड़ा की शांत वादियों से निकले इस परिवार की ऐसी दर्दनाक मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है। परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग अभी भी सदमे में हैं और भावना देवी की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।



