अपराधअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंऑपरेशन कालनेमिकुंभ मेला तैयारीकैबिनेट प्रस्ताव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के बुग्गावाला में ‘मशरूम ग्राम’ का किया शुभारंभ,, कम भूमि, कम जल और कम समय में अधिक लाभ देने वाला उद्यम है मशरूम उत्पादन : मुख्यमंत्री कृषि नवाचार, स्वरोज़गार और किसानों की आय वृद्धि की दिशा में उत्तराखंड को मिली नई पहचान

उत्तराखंड में कृषि नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल जुड़ गई है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र में एमबी फूड्स द्वारा विकसित ‘मशरूम ग्राम’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मशरूम ग्राम’ जैसी पहलें न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, युवाओं को स्वरोज़गार से जोड़ने और महिलाओं व स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।

इन्तजार रजा हरिद्वार- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के बुग्गावाला में ‘मशरूम ग्राम’ का किया शुभारंभ,,
कम भूमि, कम जल और कम समय में अधिक लाभ देने वाला उद्यम है मशरूम उत्पादन : मुख्यमंत्री
कृषि नवाचार, स्वरोज़गार और किसानों की आय वृद्धि की दिशा में उत्तराखंड को मिली नई पहचान

 

हरिद्वार, 20 दिसंबर 2025।
उत्तराखंड में कृषि नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल जुड़ गई है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र में एमबी फूड्स द्वारा विकसित ‘मशरूम ग्राम’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मशरूम ग्राम’ जैसी पहलें न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, युवाओं को स्वरोज़गार से जोड़ने और महिलाओं व स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने एमबी फूड्स की पूरी टीम को इस अभिनव प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा कि मशरूम उत्पादन आज के समय में किसानों के लिए एक अत्यंत लाभकारी उद्यम के रूप में उभर रहा है। यह ऐसा कृषि आधारित व्यवसाय है जिसमें कम भूमि, कम जल और कम समय में अच्छा मुनाफा प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में परंपरागत खेती के साथ-साथ ऐसे नवाचारों को अपनाना आवश्यक है, जिससे किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मशरूम ग्राम’ परियोजना स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का एक सशक्त मॉडल बन सकती है। इससे क्षेत्र के युवाओं को स्वरोज़गार के अवसर मिलेंगे, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और स्वयं सहायता समूहों को आय के नए साधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मॉडल राज्य के अन्य जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और कृषि आधारित उद्यमिता को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ केंद्र सरकार द्वारा कई ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के लगभग 11 करोड़ किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिल रही है, जिसमें उत्तराखंड के करीब 9 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में निरंतर वृद्धि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना और किसान मानधन योजना जैसी योजनाओं ने किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। इसके साथ ही मिलेट मिशन, बागवानी विकास मिशन, बूंद-बूंद सिंचाई योजना और डिजिटल कृषि मिशन जैसी पहलें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बजट में किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा को तीन लाख रुपये से बढ़ाकर पाँच लाख रुपये करना किसानों के हित में लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी राज्य के किसानों के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। फार्म मशीनरी बैंक योजना के अंतर्गत किसानों को कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है, जिससे छोटे और सीमांत किसान भी आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ उठा सकें। इसके अलावा तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण और नहरों से मुफ्त सिंचाई की सुविधा किसानों को प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत अब तक लगभग 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे किसानों को सब्जी और फूल उत्पादन में बेहतर आमदनी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गेहूं खरीद पर प्रति क्विंटल 20 रुपये का बोनस, गन्ने के दामों में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि जैसे फैसले किसानों के हित में लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नई सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति के माध्यम से राज्य में कृषि और बागवानी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य किया जा रहा है। ‘महक क्रांति’ के जरिए सुगंध फसलों की खेती को बढ़ावा देकर हजारों किसानों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से राज्य के स्थानीय कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाई जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बुग्गावाला और हरिद्वार क्षेत्र के नागरिकों से सरकार की योजनाओं में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही देवभूमि उत्तराखंड को कृषि सहित सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाया जा सकता है और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित की जा सकती है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। स्वरोज़गार से रोजगार की दिशा में ठोस कार्य हुआ है और कृषि एवं हॉर्टिकल्चर के माध्यम से प्रदेश को आगे ले जाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि एप्पल पॉलिसी, मिलेट्स पॉलिसी, ड्रैगन फ्रूट पॉलिसी जैसी योजनाएं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लागू की गई हैं, जिनसे कृषि क्षेत्र में नई क्रांति आई है।
कार्यक्रम में विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, विधायक ज्वालापुर रवि बहादुर, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, राज्य मंत्री बलराज पासी, जयपाल सिंह चौहान, श्यामवीर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश महासचिव अनिल गोयल, उपाध्यक्ष राज्य किसान आयोग अजीत चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष लघु उद्योग भारती विजय तोमर, एमबी फूड प्रोसेसिंग ग्रुप के संरक्षक मनमोहन भारद्वाज, विशाल भारद्वाज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, क्षेत्रीय किसान और एमबी फूड प्रोसेसिंग प्लांट बुग्गावाला के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button