उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का बड़ा ऐलान,, 8 तारीख की महापंचायत को कांग्रेस का पूर्ण समर्थन, पूरे जोश से होगी भागीदारी,, हरीश रावत बोले– यह न्याय और जनभावनाओं की लड़ाई है

इन्तजार रजा हरिद्वार- अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का बड़ा ऐलान,,

8 तारीख की महापंचायत को कांग्रेस का पूर्ण समर्थन, पूरे जोश से होगी भागीदारी,,

हरीश रावत बोले– यह न्याय और जनभावनाओं की लड़ाई है

देहरादून।
अंकित भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। इसी क्रम में आज देहरादून में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, कर्मचारी संगठनों और जनआंदोलनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह बैठक राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में 8 तारीख को प्रस्तावित महापंचायत को लेकर आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य इस जनआंदोलन को व्यापक समर्थन देना और न्याय की लड़ाई को और मजबूत करना रहा।

बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए महापंचायत को लेकर कांग्रेस पार्टी के रुख को स्पष्ट शब्दों में रखा। उन्होंने कहा कि अंकित भंडारी हत्याकांड केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की आत्मा और न्याय व्यवस्था से जुड़ा सवाल है। इस मामले में जनता के भीतर गहरा आक्रोश है और कांग्रेस पार्टी इस जनभावना के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

हरीश रावत ने बताया कि बैठक में लाइफ-माइंडेड साथियों, कर्मचारी संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। कमला पंत, रवि चोपड़ा सहित कई अन्य प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। सभी की एक राय रही कि 8 तारीख को होने वाली महापंचायत को पूरी ताकत के साथ सफल बनाया जाए ताकि सरकार पर नैतिक और लोकतांत्रिक दबाव बने।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विचार-विमर्श के बाद यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस पार्टी 8 तारीख की महापंचायत में पूरे जोश, मजबूती और अनुशासन के साथ भाग लेगी और इसे पूर्ण समर्थन देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम मात्र नहीं है, बल्कि न्याय के लिए उठ रही जनआवाज़ है, जिसमें कांग्रेस खुद को सहभागी मानती है।

हरीश रावत ने राज्य की जनता और सभी संगठनों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महापंचायत का भरपूर समर्थन करें और बड़ी संख्या में परेड ग्राउंड पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि जब तक अंकित भंडारी को न्याय नहीं मिलता और दोषियों को सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं का मानना है कि महापंचायत प्रदेश की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है। इससे न केवल हत्याकांड को लेकर जनता का गुस्सा सामने आएगा, बल्कि सरकार की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े होंगे। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से उठाएगी।

 हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड:
“हमने अपने साथ जुड़े लाइफ-माइंडेड साथियों, कर्मचारी संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से बातचीत की है। कमला पंत और रवि चोपड़ा सहित अन्य लोगों से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी 8 तारीख की महापंचायत में पूरे जोश और मजबूती के साथ भाग लेगी और उसे पूर्ण समर्थन देगी। राज्य के लोगों और सभी संगठनों से अपील है कि वे इस महापंचायत का पूरा समर्थन करें और बड़ी संख्या में इसमें शामिल हों।”

Related Articles

Back to top button