चारधाम यात्रा चरम पर, हरकी पैड़ी पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित! व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश “यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए” — डीएम ने भीड़ प्रबंधन, यातायात और समन्वय व्यवस्था पर दिया विशेष जोर “भीड़ बढ़ रही है, लेकिन व्यवस्था नहीं डगमगानी चाहिए” — एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी लगातार कर रहे निगरानी, पुलिस और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश

चारधाम यात्रा चरम पर, हरकी पैड़ी पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित! व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
“यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए” — डीएम ने भीड़ प्रबंधन, यातायात और समन्वय व्यवस्था पर दिया विशेष जोर
“भीड़ बढ़ रही है, लेकिन व्यवस्था नहीं डगमगानी चाहिए” — एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी लगातार कर रहे निगरानी, पुलिस और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश
इन्तजार रजा, हरिद्वार… चारधाम यात्रा के अपने चरम पर पहुंचने के साथ ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं हरकी पैड़ी पहुंचे और चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और यातायात व्यवस्था को लगातार सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर भीड़ का दबाव बढ़ता है तो तत्काल वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों, घाटों और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। एसएसपी द्वारा पुलिस अधिकारियों, यातायात पुलिस और सुरक्षा बलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त रणनीति के तहत हरिद्वार में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
चारधाम यात्रा के बढ़ते दबाव के बीच प्रशासनिक सक्रियता से यह स्पष्ट है कि हरिद्वार में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में डटे हुए हैं।



