डीएम मयूर दीक्षित की सख्ती अनाधिकृत प्लास्टिक पर एसडीएम सदर जितेन्द्र कुमार की अगुवाई में प्रशासन का शिकंजा,, ज्वालापुर के कटहरा बाजार में बड़ी कार्रवाई, 6 कुंतल पॉलीथिन जब्त,, डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर एक लाख का चालान, अभियान रहेगा जारी डीएम हरिद्वार के सख्त निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार- डीएम मयूर दीक्षित की सख्ती अनाधिकृत प्लास्टिक पर एसडीएम सदर जितेन्द्र कुमार की अगुवाई में प्रशासन का शिकंजा,,
ज्वालापुर के कटहरा बाजार में बड़ी कार्रवाई, 6 कुंतल पॉलीथिन जब्त,,
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर एक लाख का चालान, अभियान रहेगा जारी डीएम हरिद्वार के सख्त निर्देश
हरिद्वार, 24 फरवरी 2026।
जनपद हरिद्वार में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की कार्रवाई की गई।
इस दौरान कटहरा बाजार स्थित एवरग्रीन पॉलिपैक नामक प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में अनाधिकृत एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन बैग बरामद किए गए।कार्रवाई का नेतृत्व उप जिलाधिकारी हरिद्वार ने राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ किया। छापेमारी के दौरान दुकान में करीब 6 कुंतल प्रतिबंधित पॉलीथिन बैग का भंडारण पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। प्रशासनिक टीम ने स्पष्ट किया कि यह पॉलीथिन राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और इसका भंडारण एवं विक्रय दोनों ही अवैध हैं।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर सख्ती
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हाल ही में जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे कि प्रतिबंधित प्लास्टिक की बिक्री, भंडारण और उपयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में यह औचक निरीक्षण किया गया।
उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकान में बड़ी मात्रा में बैन पॉलीथिन बैग पाए गए, जिनके संबंध में दुकानदार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये का चालान किया गया। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधि पाए जाने पर और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बाजारों में चलाया जाएगा विशेष अभियान
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। ज्वालापुर, हरिद्वार शहर, बहादराबाद और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भी शीघ्र ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक पर्यावरण, जल स्रोतों और पशुओं के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।अधिकारियों ने बताया कि पॉलीथिन नालियों को जाम करती है, जिससे जलभराव की समस्या बढ़ती है। इसके अतिरिक्त यह गंगा और अन्य जल स्रोतों को प्रदूषित कर रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार जागरूकता और दंडात्मक अभियान दोनों चलाए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान रेल चौकी ज्वालापुर के इंचार्ज , तहसीलदार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने दुकान के स्टॉक की गहन जांच की और प्रतिबंधित सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर जब्त कर लिया।
प्रशासन ने व्यापारियों एवं आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें और कपड़े या जूट के थैलों को अपनाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण या विक्रय पाए जाने पर भारी जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार प्रशासन की यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर अब किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम के निर्देशों के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



