अलर्टउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

होली पर मदिरा बिक्री पर विराम,, 4 मार्च को शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी सभी देशी-विदेशी शराब की दुकानें,, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शांति व्यवस्था के मद्देनज़र जारी किए कड़े निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार- होली पर मदिरा बिक्री पर विराम,,

4 मार्च को शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी सभी देशी-विदेशी शराब की दुकानें,,

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शांति व्यवस्था के मद्देनज़र जारी किए कड़े निर्देश

हरिद्वार, 28 फरवरी 2026।
रंगों के पर्व होली के अवसर पर जनपद में कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार 04 मार्च को होली पर्व के दिन जनपद हरिद्वार में संचालित समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा की थोक एवं फुटकर दुकानें शाम 05:00 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।

जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि शांति व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रकार के आबकारी अनुज्ञापनों को इस अवधि में मदिरा की बिक्री, परिवहन एवं उपभोग के लिए प्रतिबंधित रखा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए यह निर्णय आवश्यक है।

इन सभी अनुज्ञापनों पर लागू रहेगा आदेश

आदेश के अंतर्गत समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा की थोक एवं फुटकर दुकानें, सभी बार अनुज्ञापन (एफ०एल०-6 समिश्र तथा एफ०एल०-7), एफ०एल०-5 डीएस, एफ०एल०-40, एफ०एल०-1, एफ०एल०-3, एफ०एल०एम०-3, एम०ए०-4, पी०डी०-2, समस्त सैन्य कैंटीन अनुज्ञापन (एफ०एल०-9/9ए), एफ०एल०-2, सी०एल०-2, बी०डब्ल्यूएफ०एल-2, आसवानी, बॉटलिंग प्लांट सहित अन्य सभी आबकारी अनुज्ञापन शामिल हैं।

स्पष्ट किया गया है कि उक्त बंदी दिवस के कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु निर्धारित/व्यवस्थापित राजस्व में किसी भी प्रकार की क्षतिपूर्ति या छूट देय नहीं होगी। अर्थात संबंधित अनुज्ञापनों को बंदी के बदले किसी प्रकार की राजस्व राहत प्रदान नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को कड़े अनुपालन के निर्देश

जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारियों, जिला आबकारी अधिकारी तथा समस्त आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अनुज्ञापन धारक आदेश का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि त्योहार को शालीनता और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाना नहीं, बल्कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि जनपद में होली का पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button