अपराधअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार पुलिस का नशा माफिया पर करारा प्रहार,, सिडकुल थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत तीन कुख्यात तस्कर गिरफ्तार,, एसएसपी के निर्देश पर स्मैक तस्करी सिंडिकेट ध्वस्त, हवालात पहुंचे गैंगस्टर

इन्तजार रजा हरिद्वार- हरिद्वार पुलिस का नशा माफिया पर करारा प्रहार,,

सिडकुल थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत तीन कुख्यात तस्कर गिरफ्तार,,

एसएसपी के निर्देश पर स्मैक तस्करी सिंडिकेट ध्वस्त, हवालात पहुंचे गैंगस्टर

 

जनपद हरिद्वार में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने नशा तस्करों के एक सक्रिय गिरोह को गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजे में लेते हुए तीन वांछित गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही गिरोह है, जिसका सरगना सागर उर्फ गबरू पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह संगठित रूप से स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और लंबे समय से सिडकुल व आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था। एसएसपी हरिद्वार द्वारा अवैध देशी-विदेशी शराब, स्मैक, चरस और गांजा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने गिरोह बनाकर नशे की तस्करी करने वाले अपराधियों को चिन्हित किया और उनके विरुद्ध थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 01/26, धारा 2(b)(ii)(xi)/3 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत सागर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया। मामले में फरार चल रहे तीन अभियुक्तों की तलाश लगातार की जा रही थी।

दिनांक 5 जनवरी 2026 को थाना सिडकुल पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों—अंशुल पुत्र जसवीर, आदित्य पुत्र श्रवण और राहुल पुत्र कैलाश—को एचएमटी होटल जाने वाले रास्ते पर डेंसो चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को मौके से दबोचते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत हवालात भेज दिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अंशुल जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है, जबकि आदित्य और राहुल सिडकुल क्षेत्र में रहकर नशा तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी गिरोह के रूप में स्मैक की सप्लाई करते थे और इनके तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना सिडकुल के थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र तोमर, कांस्टेबल सुनील तोमर, रोहित बड़ोदिया और जितेंद्र तोमर की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशा माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा।

हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रही जंग में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है, जिससे साफ संदेश गया है कि देवभूमि में नशे के कारोबारियों के लिए अब कोई जगह नहीं है।

Related Articles

Back to top button