अपराधअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंऑपरेशन कालनेमि

Haridwar Viral News : मदरसे से लापता चार नाबालिग छात्र,, एक छात्र गुजरात का, रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होने की पुष्टि,, पुलिस ने अपहरण की धाराओं में FIR दर्ज कर तलाश तेज की

इन्तजार रजा हरिद्वार– Haridwar Viral News : मदरसे से लापता चार नाबालिग छात्र,,

एक छात्र गुजरात का, रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होने की पुष्टि,,

पुलिस ने अपहरण की धाराओं में FIR दर्ज कर तलाश तेज की

हरिद्वार।
पथरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मदरसे में पढ़ने वाले चार नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में एक साथ लापता हो गए। बच्चों के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया, वहीं पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलावलपुर निवासी एक व्यक्ति ने पथरी थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका 15 वर्षीय बेटा अपने तीन अन्य साथियों के साथ 14 दिसंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया। चारों बच्चे पास ही स्थित एक मदरसे में हाफिज का कोर्स कर रहे थे। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।

ऐथल रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होने की सूचना

परिजनों और ग्रामीणों की खोजबीन के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ में अहम जानकारी सामने आई। बताया गया कि चारों नाबालिग छात्र उसी दिन शाम करीब 3:30 बजे ऐथल रेलवे स्टेशन पर देखे गए थे और वहां से किसी ट्रेन में सवार होकर कहीं चले गए। इस सूचना के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया, क्योंकि चारों बच्चे नाबालिग हैं और घर से बिना बताए निकले थे।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही रेलवे पुलिस से भी समन्वय स्थापित कर संभावित ट्रेनों और रूट की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि बच्चों की जल्द से जल्द लोकेशन का पता लगाया जा सके।

गुजरात से आया था एक छात्र, मन न लगने की बात आई सामने

पुलिस के अनुसार, लापता छात्रों में 13 वर्षीय शेख मोहम्मद समीर भी शामिल है, जो करीब डेढ़ माह पहले गुजरात के गांधीनगर से हरिद्वार आया था। समीर के मामा का घर अलावलपुर में ही है और वहीं रहकर वह मदरसे में पढ़ाई कर रहा था। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि समीर का पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था।
अन्य छात्रों में एक अदनान बहादराबाद क्षेत्र के भारापुर भौंरी गांव का रहने वाला है, जबकि बिलाल और आदिश दोनों अलावलपुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस की अपील – सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

पथरी थाना पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अपहरण की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को इन चारों छात्रों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी थाने या पथरी पुलिस से संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

फिलहाल पुलिस टीमें रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और संभावित ठिकानों पर तलाश में जुटी हुई हैं, वहीं परिजन बच्चों की सलामती को लेकर बेसब्री से किसी भी सूचना का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button