महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 2 नवंबर को हरिद्वार आगमन,, पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर,, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक किया बारीकी से निरीक्षण

इन्तजार रजा हरिद्वार- महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 2 नवंबर को हरिद्वार आगमन,,
पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर,,
डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक किया बारीकी से निरीक्षण
हरिद्वार।
हरिद्वार में 2 नवंबर को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आगमन प्रस्तावित है। राष्ट्रपति अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता तय है। महामहिम के आगमन को लेकर जनपद हरिद्वार का प्रशासन और पुलिस दोनों ही अलर्ट मोड पर हैं। सुरक्षा, ट्रैफिक और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने आज पतंजलि विश्वविद्यालय परिसर, हेलीपैड और आगमन मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा कर्मियों, प्रोटोकॉल अधिकारियों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महामहिम के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले पूर्ण कर लिया जाए ताकि कार्यक्रम शालीनता और गरिमा के साथ संपन्न हो सके।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है। रूट और स्थल सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, ट्रैफिक डाइवर्जन और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रूट पर तैनात पुलिसकर्मी और ट्रैफिक स्टाफ पूरी सतर्कता से ड्यूटी निभाएंगे। हर वाहन और व्यक्ति की जांच मेटल डिटेक्टर और बायो स्कैनिंग से होगी।
डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रूप से हेलीपैड, आगमन पथ, अतिथि स्वागत स्थल, वीआईपी गैलरी, पार्किंग जोन और मीडिया एरिया का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम से जुड़े प्रत्येक अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और मेडिकल टीम की सभी व्यवस्थाएं पहले से अलर्ट मोड पर रहेंगी।
मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी हरिद्वार:
“महामहिम राष्ट्रपति के दौरे को लेकर हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, एसएसपी हरिद्वार:
“सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे मार्ग को सुरक्षा कवच में लिया गया है। सभी व्यवस्थाएं उच्च मानकों के अनुरूप होंगी।”
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर हरिद्वार में प्रशासनिक हलचल तेज है। अधिकारी दिन-रात निरीक्षण में जुटे हैं, ताकि इस ऐतिहासिक अवसर पर हरिद्वार प्रशासन अपनी बेहतरीन कार्यशैली का प्रदर्शन कर सके।



