हरिद्वार में अवैध प्लाटिंग पर HRDA का बड़ा प्रहार, बुल्सेडोजर ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण,, कटारपुर चौक और मंगलौर में बिना स्वीकृति काटी जा रही कालोनियों पर HRDA कार्रवाई,

हरिद्वार में अवैध प्लाटिंग पर HRDA का बड़ा प्रहार, बुल्सेडोजर ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण,,
कटारपुर चौक और मंगलौर में बिना स्वीकृति काटी जा रही कालोनियों पर HRDA कार्रवाई,

हरिद्वार। जिले में बिना स्वीकृति भूमि की प्लाटिंग कर कालोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में हरिद्वार और मंगलौर क्षेत्र में चल रहे अनाधिकृत निर्माण एवं प्लाटिंग कार्यों पर जेसीबी चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण या विकास कार्य न किया जाए।
प्राधिकरण के अनुसार लक्सर रोड हरिद्वार में महिन्द्रा ट्रैक्टर्स शोरूम के सामने, कटारपुर चौक से आगे लगभग 30 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की शिकायत सामने आई थी। यहां सीसी रोड सहित अन्य विकास कार्य कराकर भूमि को कालोनी के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त लगभग 15 बीघा भूमि पर ईंट की चिनाई, सड़क निर्माण और प्लाटिंग से संबंधित कार्य किए जा रहे थे।प्राधिकरण द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए। कार्रवाई से पहले स्थल पर निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन आरोप है कि निर्देशों के बावजूद मौके पर विकास एवं निर्माण कार्य जारी रहे।
नहर पटरी पर भी अवैध कालोनी पर कार्रवाई
इसी तरह नहरपटरी, रुड़की रोड, मंगलौर, तहसील रुड़की क्षेत्र में भी लगभग 2 से 3 बीघा भूमि पर कालोनी काटे जाने का मामला सामने आया। यहां भी बिना स्वीकृति प्लाटिंग और निर्माण कार्य किए जाने पर प्राधिकरण ने कार्रवाई की।प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अनाधिकृत प्लाटिंग और विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सड़क निर्माण एवं कालोनी विकसित करने के लिए किए गए अन्य कार्यों को भी हटाया गया।
निर्देशों के बावजूद निर्माण जारी रखने पर सख्ती
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि संबंधित स्थलों पर पहले भी अनाधिकृत निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके निर्माण कार्य बंद नहीं किए गए। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर किए जा रहे अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया।
बिना नक्शा पास कराए निर्माण किया तो होगी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को चेतावनी दी गई कि सक्षम प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार की प्लाटिंग, सड़क निर्माण अथवा भवन निर्माण न किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनाधिकृत तरीके से कालोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लाटिंग और कालोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे अन्य स्थलों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जा सकती है।



