झबरेड़ा पुलिस ने पकड़ा बाइक चोर “दीपक”, निशानदेही पर 3 मोटरसाइकिलें बरामद,, एसएसपी नवनीत सिंह की मॉनिटरिंग में जिलेभर में चल रहा सत्यापन अभियान,,

इन्तजार रजा हरिद्वार- झबरेड़ा पुलिस ने पकड़ा बाइक चोर “दीपक”, निशानदेही पर 3 मोटरसाइकिलें बरामद,,
एसएसपी नवनीत सिंह की मॉनिटरिंग में जिलेभर में चल रहा सत्यापन अभियान,,

हरिद्वार/रुड़की। जनपद में मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान का सकारात्मक असर अब ज़मीन पर साफ दिखाई देने लगा है। थाना झबरेड़ा पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
एसएसपी के निर्देशन में पूरे जनपद हरिद्वार में आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 फरवरी 2026 को थाना झबरेड़ा पुलिस मानकपुर गांव की ओर जाने वाली सड़क पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार युवक को रोककर कागजात मांगे गए। युवक कागज नहीं दिखा सका और घबराने लगा।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर सामने आया कि वह मोटरसाइकिल चोरी की है और झबरेड़ा क्षेत्र से ही चुराई गई थी। आरोपी की पहचान दीपक पुत्र ललित उर्फ मन्नू निवासी खेड़ा मूगल, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी लाठरदेवा हूण, थाना झबरेड़ा के रूप में हुई।
दो और बाइक बरामद
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह क्षेत्र में आकर सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद बाइकों में एक कोतवाली गंगनहर क्षेत्र से और एक झबरेड़ा क्षेत्र से चोरी की गई थी।
बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी आपराधिक इतिहास तो नहीं है।
एसपी देहात का बयान
एसपी देहात शेखरचंद सुयाल ने बताया कि जिले में चलाया जा रहा चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने थाना झबरेड़ा पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अभियान के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार और कांस्टेबल रणवीर शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिलेभर में चल रहे सघन चेकिंग अभियान से साफ है कि पुलिस अब अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है। लगातार मॉनिटरिंग और सक्रियता के चलते चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद बढ़ गई है।



