कोतवाली मंगलौर पुलिस की सख़्त कार्रवाई,, हुडदंग मचाने वाले बरातियों पर चली पुलिस की कलम,, हाईवे पर खतरनाक ड्राइविंग, 7 वाहनों का ऑनलाइन चालान

इन्तजार रजा हरिद्वार- कोतवाली मंगलौर पुलिस की सख़्त कार्रवाई,,
हुडदंग मचाने वाले बरातियों पर चली पुलिस की कलम,,
हाईवे पर खतरनाक ड्राइविंग, 7 वाहनों का ऑनलाइन चालान
हरिद्वार, 10 नवम्बर 2025।
शादी की खुशी मनाना अपनी जगह है, लेकिन जब ये खुशी दूसरों की जान को खतरे में डाल दे तो कानून अपना काम जरूर करता है। ऐसा ही मामला सामने आया कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के अंतर्गत गुरुकुल नारसन चौकी क्षेत्र से, जहां एक बरात का काफिला दिल्ली-हरिद्वार हाईवे से गुजरते वक्त हुड़दंग मचाते हुए पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ बराती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकल कर नाचते और हूटर बजाते हुए हाईवे पर वाहनों की रफ्तार बढ़ा रहे थे। इस दौरान न केवल उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाली बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर दिया।
इस घटना का संज्ञान लेते हुए कोतवाली मंगलौर पुलिस ने तत्काल एक्शन मोड में आते हुए सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि बरात के काफिले में शामिल 07 वाहनों द्वारा खतरनाक ड्राइविंग, अनुचित हूटर प्रयोग व यातायात नियमों की अनदेखी की गई थी।
पुलिस ने इन सभी वाहनों को चिन्हित करते हुए ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में ऐसी हरकतें न दोहराने की सख्त चेतावनी दी गई है।
चौकी नारसन पुलिस की पहल बनी चर्चा का विषय
चौकी नारसन में तैनात पुलिस बल ने बरातियों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया और “सुरक्षित सफर ही असली शगुन” का संदेश देते हुए शादी का अनोखा “शगुन” दिया। पुलिस ने बरातियों को बताया कि खुशी का मौका तभी सही मायने में शुभ होता है जब किसी की जान को जोखिम में न डाला जाए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रात के समय हाईवे पर वाहन की खिड़कियों से बाहर निकलना, हूटर बजाना या खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पुलिस यातायात नियमों को लेकर अब पहले से ज्यादा सख्त है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोतवाली मंगलौर पुलिस की चेतावनी
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शादी-ब्याह के अवसरों पर अक्सर लोग नशे या उत्साह में यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बनती है। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्यवाही सिर्फ दंडात्मक नहीं बल्कि जागरूकता का माध्यम भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शादी जैसे पवित्र अवसर को जिम्मेदारी के साथ मनाएं।
हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की सराहना स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्ती से सड़क हादसे कम होंगे और यातायात व्यवस्था में अनुशासन बढ़ेगा।
“सुरक्षा का संदेश और कानून का पालन—यही असली शगुन है”, यही संदेश हरिद्वार पुलिस ने इस कार्यवाही के जरिए समाज को दिया है।



