बसन्त पंचमी स्नान पर्व पर हरिद्वार में ट्रैफिक मैनेजमेंट का मेगा प्लान लागू,, 🚧 भारी वाहनों की एंट्री बंद, कई रूट डायवर्ट, पार्किंग व्यवस्था तय,, 👮♂️ श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर

इन्तजार रजा हरिद्वार 🚦 बसन्त पंचमी स्नान पर्व पर हरिद्वार में ट्रैफिक मैनेजमेंट का मेगा प्लान लागू,,
🚧 भारी वाहनों की एंट्री बंद, कई रूट डायवर्ट, पार्किंग व्यवस्था तय,,
👮♂️ श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर

हरिद्वार। बसन्त पंचमी स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए हरिद्वार पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। दिनांक 23 जनवरी 2026 को होने वाले स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन ने 22 जनवरी की रात 12:00 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर कई मार्गों पर डायवर्जन एवं वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी।
भारी वाहनों पर सख्ती, बार्डर पर ही रोके जाएंगे ट्रक
यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में हरिद्वार शहर की सीमाओं पर ही भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा। इसके साथ ही चीला मार्ग को ऋषिकेश से केवल एक्जिट मार्ग के रूप में प्रयोग किया जाएगा। चंडी चौक पर दबाव बढ़ने पर 4.2 डायवर्जन से वन-वे सिस्टम लागू किया जाएगा ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
सामान्य यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर वाहनों को भेजा जाएगा, जिससे शहर में वाहनों की एंट्री धीमी और नियंत्रित रहे। वहीं, टोल प्लाजा पर एक्जिट का दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली प्राइवेट बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
दिल्ली, मेरठ, पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूट और पार्किंग तय
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से हरिद्वार स्नान हेतु आने वाले वाहनों के लिए मुख्य रूट नारसन–मंगलौर–कोर कॉलेज–ख्याति ढाबा–गुरुकुल कांगड़ी–शंकराचार्य चौक तय किया गया है। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमकादड़ टापू में पार्किंग व्यवस्था की गई है।
यदि यातायात अत्यधिक बढ़ता है तो वाहनों को नगलाइमरती–लक्सर–फेरूपुर–जगजीतपुर–एसएम तिराहा–शनि चौक–मातृसदन पुलिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां बैरागी कैंप पार्किंग में वाहन खड़े कराए जाएंगे।
नजीबाबाद, मुरादाबाद व पहाड़ी रूट से आने वालों के लिए अलग व्यवस्था
मुरादाबाद और नजीबाबाद से हरिद्वार आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर–श्यामपुर–चंडी चौकी–चंडी चौक से प्रवेश मिलेगा, जबकि बड़े वाहनों को 4.2 से डायवर्ट कर गौरीशंकर व नीलधारा पार्किंग में भेजा जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नेपालीफार्म–रायवाला–हरिद्वार मार्ग निर्धारित किया गया है, जिनके लिए लालजीवाला, पंतद्वीप और चमकादड़ टापू पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
आटो-रिक्शा व विक्रम पर विशेष नियंत्रण
बसन्त पंचमी स्नान पर्व के दौरान ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले आटो व विक्रम को केवल जयराम मोड़ तक ही अनुमति दी जाएगी। इसके आगे उनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय किए गए रूट और पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करें, अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर शहर में प्रवेश न करें और पुलिस के निर्देशों का पालन कर प्रशासन को सहयोग दें। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह ट्रैफिक प्लान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और स्नान पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है।
📢 हरिद्वार पुलिस, ट्रैफिक पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि बसन्त पंचमी स्नान पर्व श्रद्धा, शांति और सुव्यवस्था के साथ सम्पन्न हो सके।



