मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वच्छ हरिद्वार की मुहिम तेज 7 फरवरी को पूरे जनपद में होगा मेगा सफाई इवेंट जन सहभागिता से ही सफल होगा अभियान : अतुल प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी हरिद्वार

इन्तजार रजा हरिद्वार- मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वच्छ हरिद्वार की मुहिम तेज
7 फरवरी को पूरे जनपद में होगा मेगा सफाई इवेंट
जन सहभागिता से ही सफल होगा अभियान : अतुल प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी हरिद्वार
हरिद्वार।
माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में माह नवंबर 2025 से हरिद्वार जनपद में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस निरंतर चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी, तेज और जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन हरिद्वार द्वारा 7 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10:00 बजे से संपूर्ण जनपद में “मेगा सफाई इवेंट” का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अतुल प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी हरिद्वार ने बताया कि यह मेगा सफाई अभियान शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक साथ संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत गांवों, कस्बों, नगर क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, गलियों, सड़कों, पंचायत भवनों, विद्यालय परिसरों, नालियों एवं अन्य प्रमुख स्थानों की साफ-सफाई की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता पूरी तरह जन सहभागिता और जन प्रतिभागिता पर निर्भर करती है। जब तक आम लोग आगे आकर स्वयं इसमें भाग नहीं लेंगे, तब तक स्वच्छता को स्थायी रूप नहीं दिया जा सकता।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी ग्रामीणवासी अपने-अपने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में आयोजित होने वाले सफाई कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से सहभागिता सुनिश्चित करें। इसके लिए ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलें, सामूहिक रूप से सफाई कार्य में भाग लें और अपने गांव को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में योगदान दें।
अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि जिला पंचायत राज विभाग द्वारा सभी ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है ताकि यह कार्यक्रम एक दिन का आयोजन न रहकर जन आंदोलन का रूप ले सके।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह सामाजिक चेतना, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता का भी प्रतीक है। स्वच्छता से जुड़े ऐसे आयोजन लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में एक मजबूत कदम हैं।
अंत में जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने विश्वास जताया कि हरिद्वार जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक इस मेगा सफाई इवेंट में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप स्वच्छ हरिद्वार अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाएंगे।



