उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंकुंभ मेला तैयारी

दिव्य–भव्य कुंभ की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार,, हरिद्वार रेलवे स्टेशन बनेगा 10 हजार यात्रियों की क्षमता वाला सुव्यवस्थित होल्डिंग हब,, मेलाधिकारी सोनिका ने लालजीवाला से भीमगोड़ा तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इन्तजार रजा हरिद्वार- दिव्य–भव्य कुंभ की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार,,

हरिद्वार रेलवे स्टेशन बनेगा 10 हजार यात्रियों की क्षमता वाला सुव्यवस्थित होल्डिंग हब,,

मेलाधिकारी सोनिका ने लालजीवाला से भीमगोड़ा तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरिद्वार, 20 फरवरी 2026।
आगामी कुंभ मेले को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में तैयारियों ने अब जमीनी स्तर पर गति पकड़ ली है। देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मेला प्रशासन हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को का विस्तृत निरीक्षण कर रेलवे अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

रेलवे स्टेशन को कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में देखा जा रहा है। अनुमान है कि मेले की प्रमुख स्नान तिथियों पर लाखों यात्री रेल मार्ग से हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में स्टेशन परिसर को भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन पर दस हजार यात्रियों की क्षमता वाला एक विशाल होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा, जहां यात्रियों को नियंत्रित व सुरक्षित ढंग से रोका जा सकेगा। इससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ का दबाव कम होगा और ट्रेनों का संचालन सुचारु रहेगा।

मेलाधिकारी ने स्टेशन परिसर में प्रवेश व निकास मार्गों, प्रतीक्षालयों, टिकट काउंटरों, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और उद्घोषणा प्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए। साथ ही टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने, अतिरिक्त हेल्पडेस्क स्थापित करने और डिजिटल सूचना प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के भी निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जीआरपी व आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निरंतर मॉनिटरिंग तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए अलग सहायता काउंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सभी वर्गों को सहज और सम्मानजनक सुविधा मिल सके।

मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार के साथ-साथ निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों—मोतीचूर, ज्वालापुर और रायवाला—को भी कुंभ की दृष्टि से सुदृढ़ किया जाएगा। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म प्रबंधन, यात्री सुविधा विस्तार और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया जाएगा, ताकि भीड़ का संतुलित वितरण हो सके और किसी एक स्थान पर अत्यधिक दबाव न बने।

रेलवे स्टेशन निरीक्षण के बाद मेलाधिकारी ने मेला क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी दौरा किया। उन्होंने लालजीवाला क्षेत्र, तथा रोड़ी बेलवाला-खड्डा पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी स्थायी और अस्थायी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हों और गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार ने जानकारी दी कि कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के सुदृढ़ीकरण के कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि तथा भीड़ नियंत्रण की आधुनिक व्यवस्था पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मेला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय में सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।

राज्य सरकार की मंशा है कि आगामी कुंभ मेला “दिव्य और भव्य” स्वरूप में आयोजित हो। इसी लक्ष्य के अनुरूप विभिन्न विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। मेलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्धता ही इस महाआयोजन की सफलता की कुंजी होगी।

सोनिका, मेलाधिकारी हरिद्वार ने बताया कि

“कुंभ मेला आस्था का महापर्व है और हमारी प्राथमिकता है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम अनुभव मिले। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर दस हजार यात्रियों की क्षमता का होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है, ताकि भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जा सके। सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि आगामी कुंभ मेला दिव्य, भव्य और व्यवस्थित रूप में संपन्न हो।”

Related Articles

Back to top button