अपराधअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंजनसुनवाईधर्म और आस्थानिरीक्षणपॉलिटिकल तड़काप्रतिबंधितप्रशासनफेरबदलसमीक्षा

हरिद्वार तहसील में अनुपयोगी भूमि पर बनेगी पार्किंग — डीएम मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश,, सफाई व्यवस्था और जल निकासी पर भी विशेष ध्यान देने के आदेश,, सब रजिस्ट्रार कार्यालय और तहसील परिसर का औचक निरीक्षण कर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार- हरिद्वार तहसील में अनुपयोगी भूमि पर बनेगी पार्किंग — डीएम मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश,,
सफाई व्यवस्था और जल निकासी पर भी विशेष ध्यान देने के आदेश,,
सब रजिस्ट्रार कार्यालय और तहसील परिसर का औचक निरीक्षण कर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

हरिद्वार, 27 अक्टूबर 2025।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को हरिद्वार तहसील और सब रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और निर्माणाधीन कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील परिसर की अनुपयोगी भूमि का सदुपयोग करते हुए पार्किंग सुविधा विकसित की जाए, ताकि आने वाले अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को पार्किंग की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण हेतु नगर निगम, एचआरडीए और अधिवक्ताओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की जाए, जिसमें पार्किंग स्थल से प्रभावित होने वाले अधिवक्ताओं के चेंबरों के पुनर्निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि केवल उन्हीं अधिवक्ताओं के चेम्बर बनाए जाएं जो पार्किंग निर्माण से प्रभावित होंगे।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि तहसील और सब रजिस्ट्रार कार्यालय के लिए एक संयुक्त एवं सेंट्रलाइज्ड शौचालय व्यवस्था की जाए, ताकि स्वच्छता और रखरखाव बेहतर ढंग से सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सब रजिस्ट्रार कार्यालय के पास निर्माणाधीन शौचालय को शीघ्र पूर्ण करने और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यालय से मुख्य गेट तक फर्श (पेवमेंट) का कार्य जल्द कराया जाए, ताकि कर्मचारियों और आम जनता को आवागमन में सुविधा हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे तहसील परिसर और सब रजिस्ट्रार कार्यालय में जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि बरसात के मौसम में परिसर में पानी न भर सके। उन्होंने तहसीलदार को निर्देश दिया कि परिसर में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और गंदगी या जलभराव की स्थिति किसी भी हाल में न बनने पाए।

निरीक्षण के दौरान सब रजिस्ट्रार नंद किशोर लोहिया, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अधिवक्ता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि “जनता की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए तहसील जैसे महत्वपूर्ण कार्यालयों में स्वच्छ, व्यवस्थित और सुलभ वातावरण सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।”

डीएम के इस औचक निरीक्षण से तहसील प्रशासन और कर्मचारियों में सक्रियता देखी गई। जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के आदेश दे दिए गए हैं।
हरिद्वार प्रशासन अब तहसील परिसर को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर चुका है।

Related Articles

Back to top button