हरिद्वार में मौसम का रेड अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह सतर्क!,, भारी बारिश की चेतावनी के बीच हरिद्वार के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई को रहेंगे बंद!,, डीएम मयूर दीक्षित का बड़ा फैसला, बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र जारी हुआ अवकाश आदेश; उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

हरिद्वार में मौसम का रेड अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह सतर्क!,,
भारी बारिश की चेतावनी के बीच हरिद्वार के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई को रहेंगे बंद!,,
डीएम मयूर दीक्षित का बड़ा फैसला, बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र जारी हुआ अवकाश आदेश; उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में 10 जुलाई को संभावित भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मयूर दीक्षित ने जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश और नदी-नालों के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए विद्यार्थियों और छोटे बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
प्रशासन ने सभी तहसीलों, शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय या संस्थान आदेश की अनदेखी करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन, पुलिस, नगर निकाय और अन्य विभागों को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।



