चाबी बनाने आया कारीगर, घर की दौलत ले उड़ा कौन?,, शिवालिक नगर में दिनदहाड़े हुई थी वारदात, रानीपुर पुलिस पहुंची मध्यप्रदेश,, चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे, ज्वैलरी पर किया हाथ साफ,, रानीपुर पुलिस ने एमपी से दबोचा शातिर कारीगर,, साले संग मिलकर रची थी साजिश, सोने की अंगूठी बरामद—दूसरा आरोपी फरार

इन्तजार रजा हरिद्वार- चाबी बनाने आया कारीगर, घर की दौलत ले उड़ा कौन?,,
शिवालिक नगर में दिनदहाड़े हुई थी वारदात, रानीपुर पुलिस पहुंची मध्यप्रदेश,,
चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे, ज्वैलरी पर किया हाथ साफ,,
रानीपुर पुलिस ने एमपी से दबोचा शातिर कारीगर,,
साले संग मिलकर रची थी साजिश, सोने की अंगूठी बरामद—दूसरा आरोपी फरार
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में अलमारी की चाबी बनाने के बहाने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले शातिर कारीगर को पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का पीछा करते हुए आरोपी को धार (मध्यप्रदेश) से दबोचने में सफलता हासिल की। उसके कब्जे से एक पीली धातु की सोने की अंगूठी बरामद की गई है, जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है।
घटना 09 फरवरी 2026 की है, जब शिवालिक नगर निवासी संदीप धीमान ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर के समय उनकी बुजुर्ग माताजी ने घर की गोदरेज अलमारी की चाबी बनवाने के लिए दो व्यक्तियों को बुलाया था। आरोप है कि दोनों ने चाबी बनाने का झांसा देकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 45/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत पंजीकृत कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के आदेश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद 20 फरवरी 2026 को आरोपी गोविंद छाबड़ा (25 वर्ष) पुत्र दलबीर छाबड़ा निवासी ग्राम बारिया थाना गंधवानी जिला धार, मध्यप्रदेश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साले के साथ कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश से हरिद्वार आया था। दोनों ने सुनियोजित तरीके से शिवालिक नगर के घर को निशाना बनाया और चाबी बनाने का बहाना कर अलमारी से ज्वैलरी पार कर दी। चोरी के बाद दोनों वापस मध्यप्रदेश लौट गए। गोविंद के कब्जे से एक सोने की अंगूठी बरामद हुई है। उसने बताया कि बाकी जेवर उसके साले के पास हैं।
पुलिस टीम ने जब साले के घर दबिश दी तो छापेमारी की भनक लगते ही वह मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में धारा 317(2), 332(ग), 334(1), 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा, उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल दीप गौड़, कांस्टेबल गम्भीर तोमर, कांस्टेबल सुमन डोबाल सहित सीआईयू प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट व कांस्टेबल वसीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घर में किसी भी अनजान व्यक्ति को बुलाने से पहले उसकी पहचान की पूरी तरह पुष्टि करें और कीमती सामान सुरक्षित रखें।



