साल के पहले स्नान पर्व पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था,, लोहड़ी व मकर संक्रांति स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस-प्रशासन अलर्ट,, ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी फोर्स की ब्रीफिंग, डीएम–एसएसपी ने दिए सख़्त दिशा-निर्देश,, 08 जोन व 22 सेक्टरों में विभाजित हुआ मेला क्षेत्र, CCTV से रहेगी कड़ी निगरानी

इन्तजार रजा हरिद्वार- साल के पहले स्नान पर्व पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था,,
लोहड़ी व मकर संक्रांति स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस-प्रशासन अलर्ट,,
ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी फोर्स की ब्रीफिंग, डीएम–एसएसपी ने दिए सख़्त दिशा-निर्देश,,
08 जोन व 22 सेक्टरों में विभाजित हुआ मेला क्षेत्र, CCTV से रहेगी कड़ी निगरानी
हरिद्वार | 13 जनवरी 2026
साल के पहले स्नान पर्व लोहड़ी एवं मकर संक्रांति को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस व जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर ली हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस फोर्स की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस ब्रीफिंग में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने संयुक्त रूप से उपस्थित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
08 जोन व 22 सेक्टरों में विभाजित हुआ मेला क्षेत्र, CCTV से रहेगी कड़ी निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और स्नान पर्व के महत्व को देखते हुए संपूर्ण मेला क्षेत्र को 08 जोन और 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है ताकि हर स्तर पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
संपूर्ण मेला क्षेत्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा, वहीं मेला कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना और कार्रवाई के लिए वायरलेस व आधुनिक संचार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
डीएम मयूर दीक्षित का संदेश: सर्दी में भी जिम्मेदारी सर्वोपरि
ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि वर्तमान में कड़ाके की सर्दी का मौसम है, ऐसे में ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना है।
उन्होंने कहा कि यह मेला केवल पुलिस या प्रशासन का नहीं बल्कि सामूहिक प्रयासों से ही सकुशल संपन्न होने वाला आयोजन है।
डीएम ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे समय से अपने-अपने तैनाती स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करें। विशेष रूप से बिजली के झूलते तार, शौचालयों में पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई, आवारा पशुओं की रोकथाम, होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट चस्पा करने, अग्निशमन व सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने दिए सख़्त निर्देश, अनुशासन पर विशेष ज़ोर
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोहड़ी और मकर संक्रांति स्नान पर अचानक भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है, इसलिए सभी को पहले से मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ड्यूटी पॉइंट अत्यंत महत्वपूर्ण है और थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या का कारण बन सकती है। सभी अधिकारी व कर्मचारी संयम, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।
महिला घाट, मनसा देवी व चंडी देवी पर विशेष फोकस
एसएसपी ने निर्देश दिए कि मनसा देवी व चंडी देवी मार्गों पर तैनात ड्यूटी प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालु कतारबद्ध होकर ही आगे बढ़ें। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए।
वहीं महिला घाट पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिला घाट पर अधिक भीड़ रहती है, इसलिए स्नान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से रुकने न दिया जाए।
जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दल रहेंगे अलर्ट
स्नान के दौरान घाटों पर डूबने की संभावनाओं को देखते हुए जल पुलिस एवं गोताखोरों की टीमें लगातार तैनात रहेंगी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह टीमें 24 घंटे सतर्क रहेंगी।
इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता, श्वान दल, एटीएस और अभिसूचना इकाई को भी सक्रिय रखा गया है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, अपर रोड और संवेदनशील मेला क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
स्थानीय अभिसूचना इकाई को गुप्त रूप से पूरे मेला क्षेत्र में निगरानी रखते हुए महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान, भारी वाहनों पर प्रतिबंध
स्नान पर्व के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए बाईपास और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जाएगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पर्व समाप्ति तक जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी ड्यूटी पॉइंट से भारी वाहन नहीं छोड़े जाएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस भी लगातार क्षेत्र में गश्त करेगी।
अनुशासन, शिष्टाचार और श्रद्धालुओं से मधुर व्यवहार पर ज़ोर
ब्रीफिंग के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि मेला ड्यूटी में तैनात कोई भी कर्मी अनावश्यक मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेगा और न ही किसी प्रकार के नशे का सेवन करेगा।
सभी अधिकारी व कर्मचारी स्वच्छ वर्दी, उच्च कोटि का अनुशासन और श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट व मधुर व्यवहार सुनिश्चित करेंगे। समस्या होने पर संवाद और सौहार्द से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
मेला ड्यूटी में तैनात फोर्स का विस्तृत विवरण
लोहड़ी एवं मकर संक्रांति स्नान पर्व के लिए कुल मिलाकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसमें—
08 पुलिस उपाधीक्षक, 12 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 87 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक/महिला उपनिरीक्षक, 131 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 382 प्रशिक्षु हेड कांस्टेबल, 45 महिला आरक्षी, यातायात पुलिस, 05 कंपनी व 01 प्लाटून पीएसी, बम निरोधक दस्ता, एटीएस टीम, जल पुलिस, अभिसूचना इकाई तथा 02 फायर टेंडर मय उपकरण शामिल हैं।
ब्रीफिंग के अवसर पर एसपी देहात सहित पुलिस व प्रशासन के कई राजपत्रित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हरिद्वार पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयार है।



