ग्राम एक्कड़ कलां में विधिक सेवा प्राधिकरण का साप्ताहिक निरीक्षण, 8 सितंबर को लगेगा बहुउद्देशीय समाधान शिविर,, सिमरनजीत कौर ने अधिकार मित्रों के कार्यों की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश, ग्रामीणों की समस्याओं के मौके पर समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद,, खाद्य एवं एक्सपायरी आइटम को लेकर एफडीए विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

ग्राम एक्कड़ कलां में विधिक सेवा प्राधिकरण का साप्ताहिक निरीक्षण, 8 सितंबर को लगेगा बहुउद्देशीय समाधान शिविर,,
सिमरनजीत कौर ने अधिकार मित्रों के कार्यों की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश, ग्रामीणों की समस्याओं के मौके पर समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद,,
खाद्य एवं एक्सपायरी आइटम को लेकर एफडीए विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

हरिद्वार, 03 सितंबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चलाए जा रहे 60 दिवसीय विशेष अभियान मेगा ड्राइव के तहत ग्राम एक्कड़ कलां में साप्ताहिक निरीक्षण किया गया।
सिविल जज (एसडी)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सिमरनजीत कौर ने गांव का भ्रमण कर अधिकार मित्र/पीएलवी द्वारा किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
8 सितंबर को होगा बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं समाधान शिविर
निरीक्षण के दौरान पंचायत घर अंबेडकर भवन ग्राम एक्कड़ कलां में आगामी 8 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं समाधान शिविर की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायती राज अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी तथा ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
सचिव सिमरनजीत कौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया जा सके। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विधिक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, उपलब्ध कराई विधिक सलाह
निरीक्षण अभियान के दौरान सचिव ने एक्कड़ कलां एवं सराय क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी विभिन्न समस्याओं को सुना गया तथा समाधान के लिए उचित विधिक सलाह उपलब्ध कराई गई।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की रिटेनर अधिवक्ता काजल सैनी तथा इंटर्नशिप कर रहे लॉ इंटर्न भी उपस्थित रहे। लॉ इंटर्न्स को ग्रामीण स्तर पर विधिक जागरूकता एवं लोगों की समस्याओं को समझने का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।
अधिकार मित्रों की मासिक बैठक में अगस्त के कार्यों की समीक्षा
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के सभागार में सचिव सिमरनजीत कौर की अध्यक्षता में जिले के सभी अधिकार मित्रों की मासिक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अगस्त माह में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
साथ ही सितंबर 2026 के प्लान ऑफ एक्शन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और आगामी माह में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
खाद्य एवं एक्सपायरी आइटम को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक
इसके बाद शाम 4 बजे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में खाद्य एवं एक्सपायरी आइटम की रोकथाम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर, फूड इंस्पेक्टर तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में अगस्त माह के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। सचिव ने लॉ इंटर्न्स को इस मासिक बैठक के उद्देश्यों और खाद्य एवं एक्सपायरी आइटम की रोकथाम से संबंधित विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी दी। साथ ही संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए निर्धारित कार्यों को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



