अपराधअफवाहअलर्टआपदाइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

भंगेड़ी महावतपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने की धान की क्रॉप कटिंग कर किया आंकलन,, रेंडम पद्धति से हुआ फसल आकलन, किसानों से ली बीज-उर्वरक की जानकारी,, फसल बीमा और कृषि योजनाओं के लिए तैयार होगा सटीक डेटा बेस

इन्तजार रजा हरिद्वार- भंगेड़ी महावतपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने की धान की क्रॉप कटिंग कर किया आंकलन,,
रेंडम पद्धति से हुआ फसल आकलन, किसानों से ली बीज-उर्वरक की जानकारी,,
फसल बीमा और कृषि योजनाओं के लिए तैयार होगा सटीक डेटा बेस

रुड़की, 25 अक्टूबर 2025।
आज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ द्वारा धान की फसल की औसत उपज के आकलन हेतु चयनित ग्राम भंगेड़ी महावतपुर एहतमाल में रेंडम पद्धति से क्रॉप कटिंग प्रयोग आयोजित किया गया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्वयं उपस्थित होकर खेत में खड़ी धान की फसल की कटाई, मंडाई और तौल की प्रक्रिया संपन्न कराई। यह प्रयोग किसान शकील अहमद के खेत खसरा संख्या 22 पर किया गया।

निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने किसानों से खेत में बोए गए बीज की किस्म, उर्वरक, कीटनाशक और सिंचाई व्यवस्था संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों से फसल उत्पादन में आने वाली कठिनाइयों के विषय में भी चर्चा की और सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त करने की अपील की।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सेठ ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि विभाग द्वारा हर सीजन में चयनित गांवों में रेंडम पद्धति से किया जाता है, जिससे जिले में धान सहित अन्य फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर फसल बीमा योजना, मुआवजा वितरण, और कृषि उत्पादन से संबंधित अन्य सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक डेटा बेस तैयार किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि किसानों की वास्तविक उपज के आधार पर फसल बीमा का दावा निपटारा अधिक पारदर्शी और वैज्ञानिक रूप से किया जा सकेगा, जिससे पात्र किसानों को सही लाभ प्राप्त होगा।

निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उपस्थित किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों जैसे ड्रिप इरिगेशन, सॉयल टेस्टिंग, जैविक खाद और उन्नत किस्म के बीजों के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आधुनिक उपकरणों और तकनीक के लिए अनुदान भी प्रदान कर रही है, जिसका अधिकाधिक उपयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल संरक्षण, बीमा कवरेज और बाजार मूल्य के बारे में समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि वे समय रहते योजनाओं का लाभ उठा सकें।अंत में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि और कृषि उत्पादन में गुणवत्ता सुधार लाना है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस तरह के क्रॉप कटिंग प्रयोगों को पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा ताकि हर किसान की मेहनत का सही मूल्यांकन हो सके।

गांव भंगेड़ी महावतपुर के किसानों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा खेत में आकर स्वयं कटाई और तौल प्रक्रिया में सहभागिता करने पर आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे प्रशासन और किसानों के बीच भरोसे का रिश्ता और मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button