अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

मेट्रो हॉस्पिटल में घायलों से मिले विधायक आदेश चौहान, जाना हालचाल,, 🟢 पैनासोनिक हादसे के 12 मरीज भर्ती, दो की हालत गंभीर—सफल ऑपरेशन,, 🔴 डॉक्टरों की टीम ने दिखाई तत्परता, मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका

इन्तजार रजा हरिद्वार 🟡 मेट्रो हॉस्पिटल में घायलों से मिले विधायक आदेश चौहान, जाना हालचाल,,

🟢 पैनासोनिक हादसे के 12 मरीज भर्ती, दो की हालत गंभीर—सफल ऑपरेशन,,

🔴 डॉक्टरों की टीम ने दिखाई तत्परता, मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका

हरिद्वार, 12 अप्रैल 2026।
मेट्रो हॉस्पिटल एवं हार्ट इंस्टिट्यूट, हरिद्वार में 11 अप्रैल को हुए हादसे में घायल पैनासोनिक कंपनी के कर्मचारियों का हालचाल जानने के लिए हरिद्वार के विधायक श्री आदेश चौहान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती सभी मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली।

विधायक आदेश चौहान ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से एक-एक कर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में डॉक्टरों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मरीजों के बेहतर इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों द्वारा त्वरित कार्रवाई सराहनीय है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में कुल 12 मरीज भर्ती किए गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई। इन दोनों गंभीर मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया है और अब उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। अन्य मरीजों का भी इलाज जारी है और सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मेट्रो हॉस्पिटल एवं हार्ट इंस्टिट्यूट के यूनिट हेड डॉ. अरशद इक़बाल ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉक्टरों की टीम ने समय रहते प्रभावी उपचार कर मरीजों की जान बचाई। इस टीम में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दीपक और डॉ. विमल, न्यूरोसर्जन डॉ. सलिल महाजन, फिजिशियन डॉ. राकेश कुमार यादव और मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नरेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी डॉक्टरों ने मिलकर गंभीर रूप से घायल मरीजों का सफल ऑपरेशन किया और उनकी स्थिति को स्थिर करने में सफलता प्राप्त की।

विधायक आदेश चौहान ने डॉक्टरों की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की आपात स्थिति में जिस तेजी और कुशलता से उपचार किया गया, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की हर संभव मदद करने के निर्देश भी दिए। वहीं, मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. पुरुषोत्तम लाल ने भी डॉक्टरों की टीम को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मरीजों की जान बचाना ही उनका सबसे बड़ा उद्देश्य है और पूरी टीम इसी लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।

इस घटना के बाद अस्पताल में मरीजों के परिजनों की भीड़ बनी हुई है, लेकिन अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button