कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट,, निर्माण कार्यों की समयसीमा तय, 30 जून तक पूरा करने के सख्त निर्देश,, यातायात, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने बनाई व्यापक रणनीति

इन्तजार रजा हरिद्वार- कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट,,
निर्माण कार्यों की समयसीमा तय, 30 जून तक पूरा करने के सख्त निर्देश,,
यातायात, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने बनाई व्यापक रणनीति
आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में यह स्पष्ट रूप से तय किया गया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और उससे जुड़े क्षेत्रों में चल रहे सभी आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर 30 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। जिन कार्यों को इस समयसीमा के भीतर पूरा करना संभव नहीं है, उनके लिए ऐसी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर कोई असर न पड़े।
मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कांवड़ मेला क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधूरे निर्माण कार्यों के चलते किसी भी प्रकार की असुविधा या खतरा उत्पन्न नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से घाटों और पुलों पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां निर्माण कार्य जारी रहेंगे, वहां पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका न रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन सभी निर्माणाधीन सड़कों का कार्य आगामी दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि बहादराबाद क्षेत्र में यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे बिजली के पोल को तत्काल हटाया जाए तथा ज्वालापुर क्षेत्र में भी ऐसे अवरोधों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
जिलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही शहर में चल रहे सभी सीवरेज कार्यों को भी 30 जून तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी सख्त हिदायत दी कि सरकारी परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए और इसके विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बैठक में कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में निर्माण सामग्री सड़क किनारे न रखी जाए, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसके साथ ही उन्होंने सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाने और गड्ढों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मौजूद अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियों की जानकारी साझा की और यह भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस बार कांवड़ यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, एसपी (क्राइम) निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी विपिन कुमार, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



