उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

लगातार बारिश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का सख्त एक्शन!,, डीएम मयूर दीक्षित ने स्वयं सड़कों पर उतरकर लिया जलभराव का जायजा, राहत-बचाव और जल निकासी के लिए अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश,, जनपदभर के अधिकारीयों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी, किसी भी आपदा की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचाने के निर्देश; जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

लगातार बारिश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का सख्त एक्शन!,,

डीएम मयूर दीक्षित ने स्वयं सड़कों पर उतरकर लिया जलभराव का जायजा, राहत-बचाव और जल निकासी के लिए अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश,,

जनपदभर के अधिकारीयों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी, किसी भी आपदा की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचाने के निर्देश; जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

हरिद्वार, 09 जुलाई। जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह अलर्ट मोड पर कर दिया है। भारी वर्षा से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद जिलाधिकारी स्वयं धरातल पर उतरे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल प्रभाव से पानी की निकासी सुनिश्चित कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए।

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारी बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली हर स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि यदि किसी क्षेत्र में जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भवन क्षति, सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान अथवा किसी अन्य प्रकार की आपदा की सूचना प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए इसकी सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर स्थापित आपदा नियंत्रण कक्षों में तैनात कार्मिक पूरी तरह सतर्क रहें और प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भी निर्देशित किया कि जनपद के किसी भी हिस्से से जलभराव अथवा अन्य आपदा संबंधी सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तुरंत अवगत कराया जाए और आपदा प्रबंधन टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में रवाना कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल निकासी व्यवस्था में तेजी लाने, नालों की सफाई, पंपिंग व्यवस्था को सक्रिय रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता जनसुरक्षा है और किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि वह स्वयं जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जनपद में हो रही लगातार बारिश की स्थिति पर पल-पल नजर बनाए हुए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों से नियमित जानकारी ली जा रही है और आवश्यकता के अनुसार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर शिकायत और हर आपदा संबंधी सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के इस दौर में आमजन को अधिकतम राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button