बहादराबाद के शिव गंगा विहार के लोगों की सालभर की गुहार भी बेअसर!,, बरसाती नदी से जलभराव और भू-कटाव रोकने के लिए डीएम, एसडीएम, सिंचाई विभाग और कुंभ प्रशासन को भेजे गए कई ज्ञापन,, आपदा प्रबंधन विभाग ने भी कार्रवाई के लिए लिखा पत्र, फिर भी 10–15 फीट चैंबर निर्माण की मांग अधूरी

बहादराबाद के शिव गंगा विहार के लोगों की सालभर की गुहार भी बेअसर!,,
बरसाती नदी से जलभराव और भू-कटाव रोकने के लिए डीएम, एसडीएम, सिंचाई विभाग और कुंभ प्रशासन को भेजे गए कई ज्ञापन,,
आपदा प्रबंधन विभाग ने भी कार्रवाई के लिए लिखा पत्र, फिर भी 10–15 फीट चैंबर निर्माण की मांग अधूरी
हरिद्वार। बहादराबाद के दादूपुर गोविंदपुर स्थित शिव गंगा विहार कॉलोनी में बरसाती नदी से होने वाले जलभराव और भूमि कटाव की समस्या वर्षों से बनी हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए कॉलोनीवासियों ने वर्ष 2025 से लेकर 2026 तक जिला प्रशासन, उपजिलाधिकारी, सिंचाई विभाग तथा कुंभ मेला प्रशासन को लगातार कई ज्ञापन सौंपे, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।
दस्तावेजों के अनुसार 2 अप्रैल, 6 जून, 13 जून 2025 और 26 फरवरी 2026 को दिए गए ज्ञापनों में स्थानीय लोगों ने बताया कि सुमन नगर मुख्य मार्ग के पास पुल के नीचे लगी पाइप लाइन बरसात में बार-बार जाम हो जाती है। इससे बरसाती नदी का पानी कॉलोनी में भर जाता है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं, मकानों की नींव पर खतरा मंडराता है और भूमि कटाव तेजी से बढ़ता है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से पुल के किनारे 10 से 15 फीट चौड़ा चैंबर बनाकर पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। इस संबंध में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों और विभागीय पत्राचार के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी बारिश में हालात और गंभीर हो सकते हैं तथा किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।



