उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर, कांवड़-2026 और महाकुंभ-2027 की तैयारियों की करेंगे हाई लेवल समीक्षा,, गंगा कॉरिडोर व कुंभ विकास परियोजनाओं का करेंगे भूमि पूजन-शिलान्यास, अधिकारियों संग करेंगे अहम बैठक,, किसानों से संवाद, ‘आम उत्सव’ में शिरकत और सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम, हरिद्वार पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर,,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर, कांवड़-2026 और महाकुंभ-2027 की तैयारियों की करेंगे हाई लेवल समीक्षा,,

गंगा कॉरिडोर व कुंभ विकास परियोजनाओं का करेंगे भूमि पूजन-शिलान्यास, अधिकारियों संग करेंगे अहम बैठक,,

किसानों से संवाद, ‘आम उत्सव’ में शिरकत और सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम, हरिद्वार पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर,,

हरिद्वार। (इन्तजार रजा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय हरिद्वार दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा कांवड़ मेला-2026 और महाकुंभ-2027 की तैयारियों के साथ-साथ हरिद्वार की प्रमुख विकास परियोजनाओं को नई गति देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पहुंचने के बाद अपने निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और दिनभर विभिन्न बैठकों, विकास कार्यों तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे।

मुख्यमंत्री सबसे पहले सीसीआर भवन में कांवड़ मेला-2026 और महाकुंभ-2027 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, मेला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी देंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार गंगा कॉरिडोर एवं कुंभ विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं के शुरू होने से हरिद्वार के धार्मिक, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। करोड़ों रुपये की इन विकास योजनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा महाकुंभ-2027 की तैयारियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री कनखल स्थित मैंगो फार्म में आयोजित ‘आम उत्सव’ में भी शामिल होंगे। यहां वे किसानों से सीधा संवाद करेंगे, बागवानी और कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे तथा किसानों को राज्य सरकार की योजनाओं और कृषि विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय आम उत्पादकों और बागवानों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री के हरिद्वार दौरे को देखते हुए हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों, वीआईपी रूट और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही है, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा विकास, धर्म, पर्यटन और किसानों के हितों को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा-2026 और महाकुंभ-2027 जैसे विशाल आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और किसानों से संवाद को लेकर पूरे जनपद की निगाहें आज के कार्यक्रमों पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button