जीआरपी पुलिस लाइन हरिद्वार में गूंजे कान्हा के जयकारे, भव्य जन्माष्टमी समारोह ने बांधा समां,, कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में पहली बार हुआ शानदार आयोजन, 10 स्कूलों के 120 बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,,
शास्त्रीय संगीत, इंडो-वेस्टर्न प्रस्तुतियों और कृष्णलीला की झांकियों ने जीता दर्शकों का दिल, आधी रात श्रीकृष्ण जन्म पर भक्तिभाव से हुई पूजा-अर्चना

जीआरपी पुलिस लाइन हरिद्वार में गूंजे कान्हा के जयकारे, भव्य जन्माष्टमी समारोह ने बांधा समां,,
कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में पहली बार हुआ शानदार आयोजन, 10 स्कूलों के 120 बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,,
शास्त्रीय संगीत, इंडो-वेस्टर्न प्रस्तुतियों और कृष्णलीला की झांकियों ने जीता दर्शकों का दिल, आधी रात श्रीकृष्ण जन्म पर भक्तिभाव से हुई पूजा-अर्चना

हरिद्वार। बीएचईएल सेक्टर-1 स्थित जीआरपी पुलिस लाइन परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार भव्य एवं यादगार अंदाज में मनाया गया। जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में पहली बार आयोजित किए गए इस विशेष कार्यक्रम में देर रात तक श्रद्धालुओं, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों की भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के करीब 120 बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित कृष्ण भक्तों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बनारस से आए शास्त्रीय संगीत में महारत हासिल कर्मजीत सरकार ने वंदना स्तुति प्रस्तुत कर किया। इसके बाद शास्त्रीय संगीत के विभिन्न रागों तथा इंडो-वेस्टर्न पैटर्न पर आधारित प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। शाम करीब सात बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।जैसे-जैसे विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देनी शुरू कीं, कार्यक्रम स्थल दर्शकों से खचाखच भर गया। 10 से अधिक स्कूलों के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण जन्म और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों पर जमकर बजी तालियां
कार्यक्रम में नीरा कौशिक हरिद्वार, सृष्टि ग्रुप शिवालिक नगर और हैप्पी ग्रुप सुभाष नगर सहित विभिन्न संस्थानों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों की शानदार प्रस्तुति, वेशभूषा और मंच पर बेहतरीन तालमेल ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सृष्टि ग्रुप हरिद्वार की ओर से भोले बाबा और नंदी भगवान के बड़े कटआउट के साथ दी गई प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। वहीं डीपीएस स्कूल की सुंदर वेशभूषा में सजी नन्ही बच्चियों का आपसी तालमेल और प्रस्तुति भी दर्शकों को खूब पसंद आई। हर शानदार प्रस्तुति के बाद पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कृष्ण के विभिन्न रूपों को दर्शाती झांकियों ने मोहा मन
पुलिस लाइन परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न रूपों को दर्शाती आकर्षक झांकी भी सजाई गई थी। झांकी देखने के लिए लगातार लोगों की भीड़ उमड़ती रही। अपने नन्हे-मुन्नों को श्रीकृष्ण की वेशभूषा में सजाकर लाए परिजनों ने झांकी के साथ फोटो और सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। पंडाल में मौजूद श्रद्धालु बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए तालियां बजाते रहे और समय-समय पर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किया सम्मानित
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित स्टेज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। कप्तान अरुणा भारती ने नन्हे-मुन्नों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। पुरस्कार मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जाने-माने डॉ. प्रकाश केशवाह, डायरेक्टर, डायलिसिस यूनिट, जॉली ग्रांट हॉस्पिटल, देहरादून रहे। इस अवसर पर साधना मिश्रा, जनरल डायरेक्टर डीएमडी (S,R,S,G) तथा सतीश रुपानी, ओएसडी, प्रेसिडेंट S.R.H.U., देहरादून सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक जेल मनोज आर्य, सीओ ट्रैफिक हरिद्वार बिपेन्द्र सिंह सहित जीआरपी के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिवारजनों के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहे।
आधी रात गूंजे ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारे
रात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ क्षण आया, पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से भर उठा। कप्तान अरुणा भारती, अपनी धर्मपत्नी के साथ पहुंचे सीओ जीआरपी अनुज तथा मौजूद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर कप्तान अरुणा भारती ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों, स्कूलों, पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ पुलिस परिवारों एवं समाज के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
देर रात तक चले इस भव्य आयोजन का समापन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में शामिल लोग श्रीकृष्ण जन्म की सुनहरी यादें और प्रसाद लेकर अपने-अपने घरों को रवाना हुए।



