देहरादून में महिला जज के साथ रैपिडो चालक पर अभद्रता, धमकी और छेड़छाड़ के प्रयास का आरोप…. तय किराये से दोगुने पैसे मांगने के बाद सुनसान गली में ले गया आरोपी, महिला जज की शिकायत पर डालनवाला पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

देहरादून में महिला जज के साथ रैपिडो चालक पर अभद्रता, धमकी और छेड़छाड़ के प्रयास का आरोप….
तय किराये से दोगुने पैसे मांगने के बाद सुनसान गली में ले गया आरोपी, महिला जज की शिकायत पर डालनवाला पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहरादून। राजधानी देहरादून में महिला सुरक्षा को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। देहरादून में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-5) अंजलि बेंजवाल ने एक रैपिडो चालक पर अपहरण की कोशिश, अभद्रता, धमकी और गलत इरादे से व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
तय किराये से दोगुने पैसे मांगे, सुनसान गली में ले गया चालक
एफआईआर के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:11 बजे की है। महिला जज ने अपने आवास जजेज कॉलोनी, बलबीर रोड, देहरादून से सरोली नीर मालदेवता जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। बुकिंग स्वीकार करने के बाद चालक उन्हें लेने पहुंचा।
आरोप है कि बाइक पर बैठने के बाद चालक ने ओटीपी मांगा और राइड शुरू कर दी। कुछ दूर चलने के बाद उसने पहले पूछा कि एसी चलाना है या नहीं, फिर अचानक तय किराये से दोगुने पैसे मांगने लगा। महिला जज ने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार करते हुए कहा कि जितना किराया रैपिडो ऐप पर निर्धारित है, उतना ही भुगतान किया जाएगा।
इसके बाद चालक ने उन्हें मुख्य सड़क से हटाकर एक सुनसान और अंधेरी गली में ले जाने का प्रयास किया। महिला जज को संदेह होने पर उन्होंने अपने कोर्ट मोहर्रिर को फोन कर घटना की जानकारी दी।
महिला जज को दी धमकी, पुलिस को फोन करने पर भी नहीं रुका आरोपी
शिकायत के मुताबिक, चालक ने महिला जज को धमकी देते हुए कहा कि वह उन्हें सबक सिखाएगा और उसे पुलिस में अच्छी जान-पहचान है। आरोप है कि चालक ने महिला जज के साथ अभद्रता की और गलत इरादे से व्यवहार करने का प्रयास किया।
महिला जज ने तत्काल रैपिडो पर कॉल कर शिकायत की। इसके बाद चालक ने कथित तौर पर राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया। महिला जज के विरोध के बाद चालक उन्हें वापस जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर ले आया।
यहां भी आरोपी ने हंगामा किया और आसपास मौजूद लोगों के सामने धमकी दी। शिकायत में महिला जज ने कहा कि आरोपी ने उनकी महिला होने का फायदा उठाकर उन्हें डराने और किडनैप करने की कोशिश की।
डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
महिला जज अंजलि बेंजवाल की शिकायत पर डालनवाला थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी रैपिडो चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
घटना ने राजधानी में ऑनलाइन बाइक टैक्सी सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला जज जैसी जिम्मेदार पद पर तैनात अधिकारी के साथ कथित तौर पर हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



