रुड़की में नई IAS अधिकारी की एंट्री: क्या अब बदलेगी शहर और कलियर क्षैत्र की बदहाल तस्वीर या फिर फाइलों में ही सिमटकर रह जाएगा बदलाव? ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात के सामने अतिक्रमण, जाम, गंदगी और जलभराव की बड़ी चुनौती; हुआ स्वागत सत्कार, संभाला कार्यभार
फिलहाल नई अधिकारी के आगमन से शहर में उम्मीदों का माहौल है। लेकिन रुड़की की जनता को अब बड़ी-बड़ी घोषणाओं से ज्यादा जमीन पर बदलाव का इंतजार है। क्योंकि अधिकारियों की पहचान उनके पद और स्वागत समारोह से नहीं, बल्कि उनके कार्यकाल में जनता को मिलने वाली राहत से होती है। अब देखना होगा कि नई प्रशासनिक टीम रुड़की क्षैत्र सहित कलियर की तस्वीर बदलने के लिए कितनी प्रभावी पहल करती है।

रुड़की में नई IAS अधिकारी की एंट्री: क्या अब बदलेगी शहर और कलियर क्षैत्र की बदहाल तस्वीर या फिर फाइलों में ही सिमटकर रह जाएगा बदलाव?
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात के सामने अतिक्रमण, जाम, गंदगी और जलभराव की बड़ी चुनौती; जनता को चाहिए कार्रवाई, आश्वासन नहीं!
रुड़की (हरिद्वार)। रुड़की की प्रशासनिक कमान में बदलाव के साथ शहरवासियों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। उत्तराखंड में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद 2023 बैच की आईएएस अधिकारी गौरी प्रभात को रुड़की की नई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पौड़ी में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर सेवाएं दे चुकीं गौरी प्रभात के सामने अब रुड़की की वर्षों पुरानी समस्याओं से निपटने की बड़ी चुनौती होगी।
लेकिन शहरवासियों के मन में एक बड़ा सवाल है—क्या नई अधिकारी के आने से रुड़की की बदहाल व्यवस्थाओं में बदलाव आएगा या फिर जनता को पुरानी व्यवस्था के बीच ही अपना रास्ता तलाशना पड़ेगा?
अतिक्रमण और जाम से कब मिलेगी मुक्ति?
रुड़की के प्रमुख बाजारों, सड़कों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़कों पर बढ़ते दबाव के कारण आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ निष्पक्ष और नियमित अभियान चलाएगा? क्या बाजारों और प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार होगी? कार्रवाई केवल कुछ दिनों तक सीमित रहेगी या नियमों का पालन लगातार सुनिश्चित कराया जाएगा?
गंदगी, जलभराव और पेयजल पर भी देनी होगी जवाबदेही
शहर की समस्याएं केवल जाम और अतिक्रमण तक सीमित नहीं हैं। सफाई व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता और जल निकासी जैसे बुनियादी मुद्दे भी नागरिकों की परेशानी बढ़ाते हैं।
बारिश के दौरान जलभराव की समस्या हो या नियमित सफाई का सवाल, जनता को अब विभागीय बैठकों और कागजी दावों से आगे बढ़कर धरातल पर परिणाम चाहिए।
नई टीम के सामने समन्वय की बड़ी परीक्षा
प्रशासनिक फेरबदल में पूर्व संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट को चमोली का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं स्मिता परमार को रुड़की नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ऐसे में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात और नगर आयुक्त स्मिता परमार के बीच बेहतर विभागीय समन्वय भी शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
जनता को चाहिए परिणाम, केवल स्वागत और शुभकामनाएं नहीं!
शहरवासियों की अपेक्षा है कि नई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि बाजारों, मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति देखें। जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो और लापरवाह विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
गौरी प्रभात के सामने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की जिम्मेदारी भी होगी।
फिलहाल नई अधिकारी के आगमन से शहर में उम्मीदों का माहौल है। लेकिन रुड़की की जनता को अब बड़ी-बड़ी घोषणाओं से ज्यादा जमीन पर बदलाव का इंतजार है।
क्योंकि अधिकारियों की पहचान उनके पद और स्वागत समारोह से नहीं, बल्कि उनके कार्यकाल में जनता को मिलने वाली राहत से होती है। अब देखना होगा कि नई प्रशासनिक टीम रुड़की क्षैत्र सहित कलियर की तस्वीर बदलने के लिए कितनी प्रभावी पहल करती है।



